'DRS, यह थोड़ा ज्यादा नहीं हो गया?' RCB के खिलाफ रोहित शर्मा के गलत आउट होने को लेकर मोहम्मद कैफ ने किया हैरान कर देने वाला ट्वीट - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘DRS, यह थोड़ा ज्यादा नहीं हो गया?’ RCB के खिलाफ रोहित शर्मा के गलत आउट होने को लेकर मोहम्मद कैफ ने किया हैरान कर देने वाला ट्वीट

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और 8 गेंदों में एक चौके की मदद से 7 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए।

Rohit Sharma and Mohammad Kaif (Pic Source-Twitter)
Rohit Sharma and Mohammad Kaif (Pic Source-Twitter)

9 मई को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 54वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को 6 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस मैच में सूर्यकुमार यादव और इशान किशन ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा एक बार फिर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और 8 गेंदों में एक चौके की मदद से 7 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गए। हालांकि भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ इस बात से काफी हैरान है कि आखिर रोहित इस मैच में एलबीडब्लू हुए कैसे?

दरअसल MI की पारी के 6वें ओवर में हसरंगा की गेंद को रोहित क्रीज से काफी आगे बढ़कर खेलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वो गेंद को मिस कर गए और गेंद उनके पैड पर जा लगी। इसपर RCB के खिलाड़ियों ने अपील की मगर अंपायर ने नॉटआउट दे दिया क्योंकि उनको भी लगा कि रोहित क्रीज से काफी आगे बढ़कर खेल रहे थे। इसके बाद RCB ने अंपायर के फैसले के खिलाफ DRS लेने का फैसला किया जिसमें इस बात की पुष्टि हो गई कि गेंद बल्ले से नहीं लगी है। DRS में रोहित को आउट करार दिया गया और वो भी निराश होकर वापस पवेलियन लौट गए।

मोहम्मद कैफ को यह बात बिल्कुल भी समझ नहीं आई कि जब रोहित क्रीज से इतना आगे बढ़कर शॉट खेलने के लिए गए तो उन्हें एलबीडब्लू कैसे दे दिया गया? उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया कि, ‘हेलो DRS, यह थोड़ा ज्यादा नहीं हो गया? यह LBW कैसे हो सकता है?’

यह रहा मोहम्मद कैफ का ट्वीट:

बता दें, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 199 रन बनाए। टीम की ओर से ग्लेन मैक्सवेल ने 33 गेंदों में आठ चौके और 4 छक्कों की मदद से 68 रन की पारी खेली जबकि कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 41 गेंदों में 5 चौके और तीन छक्कों की मदद से 65 रन बनाए।

मुंबई इंडियंस ने 200 रन के लक्ष्य को 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम की ओर से सूर्यकुमार यादव ने 35 गेंदों में 7 चौके और 6 छक्कों की मदद से 83 रन की पारी खेली जबकि इशान किशन ने 21 गेंदों में चार चौके और चार छक्कों की मदद से 42 रन बनाए। नेहाल वढेरा ने 34 गेंदों में चार चौके और तीन छक्कों की मदद से 52 रनों की नाबाद पारी खेली।

close whatsapp