अगर मैं सेलेक्टर होता तो यशस्वी जायसवाल को वर्ल्ड कप के लिए अभी साइन कर लेता- सुरेश रैना
सुरेश रैना ने यशस्वी जायसवाल की तुलना वीरेंद्र सहवाग से की।
अद्यतन - मई 12, 2023 2:43 अपराह्न

आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल ने काफी शानदार प्रदर्शन किया है। उनके प्रदर्शन को देखकर कई दिग्गज खिलाड़ियों ने उन्हें आईपीएल का सुपरस्टार बताया है। उन्होंने अपनी बेहतरीन पारी के दम पर अपनी टीम को जीत दिलाने में कई बार अहम भूमिका निभाई है।
वहीं आईपीएल 2023 के 56 वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाईट राइडर्स को 9 विकेट से मात दी। राजस्थान की इस जीत का बड़ा कारण यशस्वी जायसवाल का शानदार पारी रहा। बता दें उन्होंने 13 गेंदों में ही अर्धशतक ठोक डाला और 47 गेंदों का सामना कर 98 रनों की पारी खेली।
यशस्वी जायसवाल की इस शानदार पारी को देख कई खिलाड़ियों ने उनकी जमकर तारीफ की, जिसमें भारत के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना का भी नाम शामिल है। बता दें जिओसिनेमा पर बातचीत करते हुए सुरेश रैना ने बताया कि अगर वह भारतीय सेलेक्टर होते तो यशस्वी जायसवाल को वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में जरूर जगह देते।
यशस्वी मुझे वीरेंद्र सहवाग की याद दिलाते हैं- सुरेश रैना
बता दें सुरेश रैना ने वीरेंद्र सहवाग से यशस्वी जायसवाल की तुलना करते हुए कहा कि, अगर मैं भारतीय सेलेक्टर होता तो मैं आज ही यशस्वी जायसवाल को वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में साइन कर लेता क्योंकि वह काफी फ्रेश माइंड में हैं। यशस्वी मुझे वीरेंद्र सहवाग की याद दिलाते हैं।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, मुझे पूरा विश्वास है कि रोहित शर्मा इनको देख रहे होंगे क्योंकि उनको भी वर्ल्ड कप के लिए ऐसे ही बल्लेबाज की तलाश होगी। दरअसल सुरेश रैना के अलावा कई दिग्गज खिलाड़ियों ने भी यशस्वी जायसवाल को टीम इंडिया में शामिल करने की बात की है। वहीं अगर आईपीएल में यशस्वी जायसवाल की प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 12 मैच खेले हैं और इस दौरान उन्होंने 527 रन बनाए हैं। वह फाफ डुप्लेसिस के बाद सबसे ज्यादा इस सीजन में रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।