MI बनाम GT: सूर्यकुमार यादव के छक्के के मुरीद हुए सचिन तेंदुलकर, डगआउट में बैठकर सभी को समझाया कैसे मारा भारतीय बल्लेबाज ने यह शॉट
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 218 रन बनाए।
अद्यतन - मई 12, 2023 10:26 अपराह्न

इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 57वां मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच में खेला जा रहा है। इस जबरदस्त मुकाबले में गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 218 रन बनाए। टीम की ओर से सूर्यकुमार यादव ने जबरदस्त बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 11 चौके और 6 छक्कों की मदद से 103* रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। उन्होंने गुजरात टाइटंस के किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा और सभी पर कड़ा प्रहार किया।
सूर्यकुमार यादव ने मुंबई इंडियंस की पारी के 19वें ओवर में मोहम्मद शमी की एक गेंद पर जबरदस्त छक्का जड़ा जिसको देख सभी लोग हैरान रह गए। खुद गॉड ऑफ क्रिकेट सचिन तेंदुलकर ने इस छक्के की जमकर प्रशंसा की। वो मुंबई इंडियंस के डगआउट में बैठे हुए थे और जैसे ही सूर्यकुमार यादव ने यह शॉट खेला और गेंद छक्के के लिए गई उन्होंने वहीं पर बैठे खिलाड़ियों को समझाया कि यह शॉट कैसे खेला जाता है। सचिन के बगल में पीयूष चावला बैठे हुए थे जिन्होंने भी सूर्यकुमार यादव की इस पारी का जमकर लुफ्त उठाया।
😍#SachinTendulkar #MIvsGT #SuryakumarYadav #SKY pic.twitter.com/oasxrWf5XT
— Arun Prasath (@arunprasath410) May 12, 2023
गुजरात टाइटंस को यह मैच जीतने के लिए 219 रनों की जरूरत
सूर्यकुमार यादव ने इस मैच में काफी अच्छी बल्लेबाजी की। उनके अलावा ईशान किशन ने 20 गेंदों में चार चौके और एक छक्के की मदद से 31 रन बनाए जबकि कप्तान रोहित शर्मा ने 18 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 29 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। युवा बल्लेबाज विष्णु विनोद ने 20 गेंदों में दो चौके और दो छक्कों की मदद से 30 रनों की बहुमूल्य पारी खेली।
गुजरात टाइटंस की ओर से राशिद खान ने काफी अच्छी गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट झटके जबकि मोहित शर्मा ने 4 ओवर में 43 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया। गुजरात टाइटंस अगर यह मैच जीतना है तो उन्हें मुंबई इंडियंस के खिलाफ 219 रन बनाने बेहद जरूरी है। गुजरात टीम की शुरुआत इतनी अच्छी नहीं रही और उन्होंने पावरप्ले में ही अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए हैं।