आईपीएल 2023: कौन हैं विष्णु विनोद जिन्होंने GT के खिलाफ अपने शानदार स्ट्रोकप्ले से किया सभी को प्रभावित? - क्रिकट्रैकर हिंदी

आईपीएल 2023: कौन हैं विष्णु विनोद जिन्होंने GT के खिलाफ अपने शानदार स्ट्रोकप्ले से किया सभी को प्रभावित?

विष्णु विनोद ने गुजरात के खिलाफ मुंबई के लिए पहला मैच खेला और एक प्रभावशाली पारी खेली।

Vishnu Vinod. (Image Source: BCCI-IPL)
Vishnu Vinod. (Image Source: BCCI-IPL)

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की सबसे सफल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस (MI) दुनिया भर के युवा खिलाड़ियों को मंच प्रदान करती, जहां वे अपनी प्रतिभा को तराश कर ऊंची उड़ान भरते हैं। युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, हार्दिक पांड्या, क्रुणाल पांड्या और तिलक वर्मा जैसे स्टार मुंबई इंडियंस (MI) की फैक्ट्री से ही निकले है। अब नेहल वधेरा और विष्णु विनोद जैसे खिलाड़ियों की बारी है।

नेहल वधेरा से तो लगभग सभी वाकिफ हो गए हैं, लेकिन विष्णु विनोद का अभी फेमस होना बाकी है, जबकि वह आईपीएल में 6 साल पहले ही डेब्यू कर चुके हैं। 29-वर्षीय विष्णु विनोद ने 12 मई को वानखेड़े स्टेडियम में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ मुंबई इंडियंस (MI) के लिए डेब्यू करने से पहले आईपीएल में तीन मैच खेले थे। विष्णु ने GT के खिलाफ 20 गेंदों में 30 रन बनाए और सूर्यकुमार यादव (49 गेंदों में 103* रन) के साथ 65 रनों की साझेदारी कर MI को 27 रनों से मैच जीतने में मदद की।

कौन हैं विष्णु विनोद?

विष्णु विनोद एक भारतीय क्रिकेटर हैं, जो घरेलू क्रिकेट में केरल के लिए खेलते हैं। वह दाएं-हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज हैं और कभी-कभार मध्यम तेज गेंदबाजी कर सकते हैं। 29-वर्षीय बल्लेबाज ने 2014 में लिस्ट-ए और टी-20 क्रिकेट में केरल के लिए डेब्यू किया था, और फिर 2016 में प्रथम-श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था।

विनोद ने 23 प्रथम-श्रेणी मैच, 46 लिस्ट-ए और 50 टी-20 मैच खेले हैं। उन्होंने 46 लिस्ट-ए मैचों में 40 के औसत से 1562 रन बनाए हैं, जबकि टी-20 क्रिकेट में उन्होंने करीब 140 की स्ट्राइक रेट से 51 मैचों में 1221 रन बनाए हैं। विनोद ने 23 प्रथम-श्रेणी मैचों में 842 रन बनाए हैं।

किन फ्रेंचाइजियों का हिस्सा रह चुके हैं विष्णु विनोद?

विनोद 2017 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) का हिस्सा थे और इस दौरान उन्होंने तीन मैच खेले। जिसके बाद तीन साल तक उन्हें किसी भी टीम ने नहीं चुना, और फिर विकेटकीपर-बल्लेबाज 2021 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) में शामिल हुए और फिर वह 2022 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से जुड़े, लेकिन दोनों ही फ्रेंचाइजियों ने उन्हें खेलने का मौका नहीं दिया।

मुंबई इंडियंस (MI) ने पिछले साल भी विनोद के लिए ऑक्शन में कभी जोर लगाया था, लेकिन फ्रेंचाइजी आखिरकार इस साल उन्हें 20 लाख रूपये के बेस प्राइस में अपनी टीम में शामिल करने में कामयाब रही। विनोद ने गुजरात के खिलाफ मुंबई के लिए पहला मैच खेला और दो चौके और दो छक्के लगाकर एक प्रभावशाली पारी खेली।

close whatsapp