आईपीएल 2023: ‘उनके पास वह मिस्ट्री नहीं है….”- अश्विन-चहल को लेकर एडम जम्पा ने दिया बड़ा बयान
एडम जम्पा ने RCB के खिलाफ अपने चार ओवरों में 25 रन देकर दो विकेट चटकाएं थे।
अद्यतन - मई 15, 2023 6:14 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के स्टार स्पिनर एडम जम्पा ने अपने राजस्थान रॉयल्स (RR) के साथियों रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। जम्पा ने कहा भारत के अनुभवी स्पिनरों के पास वो मिस्ट्री नहीं है, जो इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में देखने को मिलती है।
ऑस्ट्रेलियाई स्टार का यह बयान जारी आईपीएल 2023 के 60वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स (RR) की 112 रनों की करारी हार के बाद सामने आया। हालांकि, एडम जम्पा ने आर अश्विन और युजवेंद्र चहल की विभिन्न स्थानों के अनुकूल होने और खेल को पढ़ने की क्षमता के लिए तारीफ की।
ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर ने कहा कि अश्विन और चहल के पास भले ही स्पिनरों वाली मिस्ट्री नहीं है, लेकिन वे दोनों योजना बनाने में कड़ी मेहनत करके इसकी भरपाई कर देते हैं। आपको बता दें, एडम जम्पा ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाफ अपने 4 ओवरों में 25 रन देकर दो विकेट चटकाएं थे।
चहल-अश्विन बहुत स्मार्ट गेंदबाज हैं: जम्पा
एडम जम्पा ने NDTV के हवाले से कहा: “रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल दोनों बेहद शानदार और स्मार्ट गेंदबाज हैं। उनके पास वह मिस्ट्री नहीं है, जो आपको आईपीएल में देखने को मिलती है, लेकिन उन लोगों ने योजना बनाने में कड़ी मेहनत की है। अश्विन के पास विभिन्न स्थानों के अनुकूल होने की क्षमता है और चहल बल्लेबाजों को अच्छी तरह से पढ़ते हैं और उनके पास बहुत कौशल है।”
आपको बता दें, युजवेंद्र चहल आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं, और इस समय जारी आईपीएल 2023 में दूसरे सबसे विकेट लेने वाले गेंदबाज है। चहल ने अब तक 13 मैचों में 21 विकेट लिए हैं, वहीं रविचंद्रन अश्विन ने 13 मैचों में 14 विकेट लिए हैं। राजस्थान रॉयल्स (RR) का जारी आईपीएल 2023 में अगला मैच पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ धर्मशाला में 19 मई को है।