सौरव गांगुली को लेकर ममता बनर्जी सरकार ने लिया बड़ा फैसला, बढ़ाई दादा की सुरक्षा!
सौरव गांगुली की सुरक्षा Y कैटेगरी से बढ़ाकर Z कैटेगरी कर दी गई है।
अद्यतन - मई 17, 2023 1:36 अपराह्न

पूर्व भारतीय दिग्गज खिलाड़ी सौरव गांगुली इस वक्त आईपीएल 2023 में व्यस्त है। सौरव गांगुली दिल्ली कैपिटल्स फेंचाइजी के बोर्ड ऑफ क्रिकेट के पद पर नियुक्त हैं। हालांकि दिल्ली कैपिटल्स टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। लेकिन इस वक्त सौरव गांगुली से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। दरअसल पश्चिम बंगाल सरकार ने सौरव गांगुली की सुरक्षा Y कैटेगरी से बढ़ाकर Z कैटेगरी कर दी है।
8 से 10 पुलिस सौरव गांगुली की सुरक्षा में रहेंगे तैनात
ANI की रिपोर्ट के अनुसार सौरव गांगुली ने अपनी सुरक्षा को लेकर कोई भी मांग नहीं की थी। लेकिन पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार द्वारा यह फैसला सौरव गांगुली के Y कैटेगरी सुरक्षा के खत्म होने के बाद लिया गया है। Z कैटेगरी के अनुसार अब सौरव गांगुली की सुरक्षा में 8 से 10 पुलिस तैनात रहेंगे। इससे पहले तीन पुलिस दादा की सुरक्षा में तैनात रहते थे।
सीनियर अधिकारी ने इस पूरे मामले पर बात करते हुए बताया, ‘VVIP की सुरक्षा खत्म होने के बाद प्रोटोकॉल के मुताबिक समीक्षा की गई और गांगुली की सुरक्षा कैटेगरी Z तक बढ़ाने का फैसला लिया गया।’ अधिकारी ने यह भी बताया कि सौरव गांगुली इस वक्त दिल्ली कैपिटल्स फ्रेंचाइजी के साथ सात्रा कर रहे हैं। वह 21 मई को कोलकाता लौंटेगे। उस दिन से उन्हें Z कैटेगरी की सुरक्षा मिलनी शुरू हो जाएगी।
क्या राजनीति की पिच पर कदम रखने वाले हैं दादा?
सौरव गांगुली ने साल 2019 में बीसीसीआई अध्यक्ष पद का कार्यभार संभाला था। लेकिन साल 2022 में उन्होंने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। आपको बता दें बीसीसीआई अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद गांगुली के राजनीति से जुड़ने की चर्चा जोरों पर थी।
हालांकि उन्होंने इन खबरों को नकारा था। लेकिन जब पश्चिम बंगाल द्वारा सौरव गांगुली की सुरक्षा बढ़ा दी गई है तो राजनीति के मैदान में उनके जुड़ने की खबरों ने तेज पकड़ ली है। आपको बता दें पश्चिम बंगाल में Z कैटेगरी सुरक्षा- मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी, गर्वनर सीवी आनंदा बोस, तृणमूल कांग्रेस सासंद और नेशनल सेक्रेटरी अभिषेक शर्मा और वहीं मंत्री- फिरहाद हकीम और मोलॉय घटक को दी जाती है।