केएल राहुल ने अपने आलोचकों से की अपील, कहा- यह सब सुनकर मुझे काफी परेशानी होती है और... - क्रिकट्रैकर हिंदी

केएल राहुल ने अपने आलोचकों से की अपील, कहा- यह सब सुनकर मुझे काफी परेशानी होती है और…

केएल राहुल के खराब फॉर्म को लेकर तमाम फैंस उनकी सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना कर रहे हैं।

KL Rahul (Photo Source: Twitter)
KL Rahul (Photo Source: Twitter)

पिछले कुछ समय से भारतीय टीम के अनुभवी सलामी बल्लेबाज केएल राहुल काफी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। राहुल टी-20 वर्ल्ड कप 2022 में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। IPL 2023 में भी उनका बल्ला खामोश रहा था।

हालांकि इस समय केएल राहुल अपनी चोट से उभर रहे हैं। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मुकाबले में केएल राहुल के पैर में फील्डिंग करते समय चोट लग गई थी और इसी वजह से उन्हें इस समय खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग 2023 और आगामी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले से बाहर कर दिया गया है। बता दें, वर्ल्ड चैंपियनशिप का फाइनल मैच भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा।

केएल राहुल के खराब फॉर्म को लेकर तमाम फैंस उनकी सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना कर रहे हैं। ऐसा काफी समय से देखा गया है कि केएल राहुल का स्ट्राइक रेट भी काफी अच्छा नहीं रहा है। सिर्फ भारतीय फैंस ही नहीं बल्कि कई पूर्व खिलाड़ियों ने भी केएल राहुल की आलोचना की। अब इसी को लेकर भारतीय बल्लेबाज ने अपना पक्ष रखा।

केएल राहुल ने रणवीर शो पॉडकास्ट में कहा कि, ‘यह कुछ ऐसा है जो मुझे काफी परेशान करता है और साथ ही और भी खिलाड़ियों को। चाहे कोई भी खेल हो या कोई भी खिलाड़ी उनको लोगों का सपोर्ट चाहिए होता है। लोगों को भी यह बात समझनी चाहिए। उन्हें नहीं पता कि कौनसा खिलाड़ी किन मुश्किल परिस्थितियों से गुजर रहा है। कोई भी खिलाड़ी यह नहीं चाहता कि वो खराब प्रदर्शन करें। यह हमारी जिंदगी है और क्रिकेट के अलावा मैं किसी और चीज के बारे में सोच भी नहीं सकता।’

मैं अपने खेल को लेकर काफी गंभीर हूं: केएल राहुल

केएल राहुल ने आगे कहा कि, ‘मैं सिर्फ क्रिकेट खेलना चाहता हूं और कुछ नहीं। पता नहीं लोग यह कैसे सोच लेते हैं कि मैं अपने खेल को लेकर गंभीर नहीं हूं। या फिर मैं कड़ी मेहनत नहीं कर रहा हूं। मैं अपने खेल को लेकर बहुत ही ज्यादा सीरियस हूं। मैंने भी काफी कड़ी मेहनत की है, हालांकि रिजल्ट हमारे पक्ष में नहीं गया है।’

केएल राहुल इस समय चोटिल हैं और वो अपनी चोट से उभर रहे हैं। अभी इसको लेकर कुछ भी नहीं कहा जा सकता कि उन्हें वापस क्रिकेट फील्ड पर खेलते हुए कब देखा जाएगा। हालांकि इसी साल वनडे वर्ल्ड कप भी खेला जाना है और इसीलिए ऐसा कहा जा सकता है कि वो जल्द ही मैदान पर वापसी करने को देखेंगे।

close whatsapp