जाने कौन है विवरांत शर्मा, जिन्होंने MI के घातक गेंदबाजों के खिलाफ की जबरदस्त बल्लेबाजी
इस महत्वपूर्ण मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
अद्यतन - मई 21, 2023 4:43 अपराह्न
इस समय इंडियन प्रीमियर लीग 2023 का 69वां मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जा रहा है। यह मुकाबला मुंबई इंडियंस को जीतना बेहद जरूरी है। ऐसा इसलिए क्योंकि अगर वो इस मैच को जीत जाते हैं तो मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की दौड़ में बने रहेंगे।
इस महत्वपूर्ण मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। सनराइजर्स हैदराबाद की बात की जाए तो उन्होंने भी अपनी प्लेइंग XI में काफी बदलाव किए हैं। आज राहुल त्रिपाठी और अभिषेक शर्मा नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह मयंक अग्रवाल और युवा खिलाड़ी विवरांत शर्मा टीम की ओपनिंग करते हुए नजर आ रहे हैं। तमाम लोगों के मन में यही सवाल उठ रहा है कि आखिर विवरांत शर्मा कौन है?
आज हम आपको बताते हैं कि यह युवा खिलाड़ी कौन है और कैसे उन्हें सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के ऑक्शन में अपनी टीम में शामिल किया।
जाने कौन हैं विवरांत शर्मा
विवरांत शर्मा जम्मू के खिलाड़ी हैं। उनको सनराइजर्स हैदराबाद ने 2.60 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था। उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपए था। किसी को उम्मीद नहीं थी कि विवरांत शर्मा के ऊपर इतनी बड़ी बोली लगाई जाएगी क्योंकि यह उनका पहला IPL सीजन है। विवरांत शर्मा का जन्म 30 अक्टूबर 1999 को हुआ था। उन्होंने 21 फरवरी 2021 को अपना लिस्ट-ए डेब्यू जम्मू-कश्मीर के लिए विजय हजारे ट्रॉफी में किया।
इसके बाद 2021 में ही उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी हिस्सा लिया। विवरांत शर्मा के आंकड़ों की बात की जाए तो उन्होंने लिस्ट-ए में अभी तक 14 मुकाबलों में 519 रन बनाए हैं वहीं 9 टी-20 मुकाबलों में उन्होंने 191 रन और 6 विकेट भी झटके हैं। विवरांत शर्मा IPL में खेलने वाले जम्मू-कश्मीर के पांचवें खिलाड़ी हैं। उनसे पहले अब्दुल समद, उमरान मलिक, रासिख सलाम और परवेज रसूल IPL खेल चुके हैं।
विवरांत शर्मा ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले जा रहे मैच में काफी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में 9 चौके और 2 छक्कों की मदद से 69 रनों की बेहतरीन पारी खेली।