क्या रोहित शर्मा को रिप्लेस करने वाले हैं यशस्वी जायसवाल? हरभजन सिंह का अजीबोगरीब बयान
हरभजन सिंह ने कहा कि, हम युवाओं की ओर ध्यान दें तो यशस्वी जायसवाल कई खिलाड़ियों से बेहतर हैं।
अद्यतन - May 24, 2023 5:57 pm

आईपीएल 2023 में यशस्वी जायसवाल ने अपने प्रदर्शन से सभी को काफी प्रभावित किया है। बता दें रिंकू सिंह, शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल का बल्ला इस सीजन खूब चला है और इन सभी खिलाड़ियों ने अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका भी निभाई है।
वहीं हाल ही में टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी हरभजन सिंह ने भी यशस्वी जायसवाल को लेकर बड़ी प्रतिक्रिया दी है। दरअसल फैंस द्वारा पूछे गए सवाल कि क्या रोहित शर्मा को यशस्वी जायसवाल रिप्लेस कर सकते हैं, इसपर जवाब देते हुए हरभजन सिंह ने बताया कि यशस्वी अभी जिस फॉर्म में हैं वह कई खिलाड़ियों से बेहतर हैं। इसके साथ ही उनका कहना है कि उन्हें (यशस्वी जायसवाल) टीम इंडिया में जरूर और जल्द शामिल करना चाहिए।
यशस्वी जायसवाल कई खिलाड़ियों से बेहतर हैं- हरभजन सिंह
बता दें हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत करते हुए हरभजन सिंह ने कहा कि, अगर हम मौजूदा फॉर्म की तुलना करें और अगर हम युवाओं की ओर ध्यान दें तो यशस्वी जायसवाल कई खिलाड़ियों से बेहतर हैं। दुबई में टी20 वर्ल्ड कप के हार के बाद टी20 क्रिकेट के लिए एक युवा यूनिट बनाने के बारे में काफी चर्चा हो चुकी है।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, हार्दिक पांड्या के नेतृत्व में रिंकू सिंह, यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल को खेलने का मौका मिलना चाहिए। जिसमें हार्दिक पांड्या को कप्तान होना चाहिए और शुभमन गिल के साथ यशस्वी को पारी की शुरुआत करनी चाहिए। ये लोग क्षमता से भरे हुए हैं। बता दें आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल ने ओपनिंग करते हुए काफी रन बनाए और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ा।
उन्होंने आईपीएल 2023 में 14 पारियों में 625 रन बनाए। इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 163.61 की रही। उन्होंने इस सीजन पांच अर्धशतकीय और एक शतकीय पारी खेली। साथ ही उन्होंने इस सीजन अपने नाम एक रिकॉर्ड भी बनाया। बता दें यशस्वी जायसवाल आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए, उन्होंने 13 गेंदों का सामना कर अर्धशतक पूरा किया। ऐसे में कई दिग्गज खिलाड़ियों ने उन्हें टीम इंडिया में शामिल करने की बात कही।