IPL 2023: पांच खिलाड़ी जिनका अच्छी तरह से इस्तेमाल नहीं कर पाई मुंबई इंडियंस
इस पूरे सीजन में मुंबई इंडियंस की ओर से सूर्यकुमार यादव, कैमरून ग्रीन, तिलक वर्मा, पीयूष चावला सहित ऐसे कई खिलाड़ी थे जिन्होंने अपने प्रदर्शन से तमाम लोगों का दिल जीत लिया।
अद्यतन - मई 28, 2023 6:10 अपराह्न
इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा। हालांकि क्वालीफायर 2 में उन्हें गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस ना तो बल्लेबाजी अच्छी कर पाए और ना ही गेंदबाजी।
इस पूरे सीजन में मुंबई इंडियंस का सफर काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा। शुरुआत में उन्हें हार का सामना करना पड़ा लेकिन टीम ने जबरदस्त वापसी की और लीग मुकाबले खत्म होने के बाद प्लेऑफ में अपनी जगह बनाई। इस पूरे सीजन में मुंबई इंडियंस की ओर से सूर्यकुमार यादव, कैमरून ग्रीन, तिलक वर्मा, पीयूष चावला सहित ऐसे कई खिलाड़ी थे जिन्होंने अपने प्रदर्शन से तमाम लोगों का दिल जीत लिया।
कुछ खिलाड़ी ऐसे भी थे जिनको मुंबई इंडियंस की ओर से ज्यादा मौके तो नहीं मिले लेकिन जितने भी मिले उसमें उन्होंने काफी अच्छा प्रदर्शन किया। आज हम आपको ऐसे ही पांच खिलाड़ियों के बारे में बताते हैं जिनका इस्तेमाल मुंबई इंडियंस इस सीजन में अच्छी तरह से नहीं कर पाई।
5- विष्णु विनोद
मुंबई इंडियंस की ओर से विष्णु विनोद को इस सीजन में सिर्फ तीन ही मुकाबले खेलने को मिले लेकिन उन्होंने इसमें काफी अच्छी बल्लेबाजी की। विष्णु विनोद ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 57वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 20 गेंदों में 30 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।
उन्होंने तमाम लोगों को यह बता दिया कि तिलक वर्मा की अनुपलब्धता में भी वो मुंबई इंडियंस के मिडिल आर्डर को काफी अच्छी तरह से संभाल सकते हैं। मुंबई इंडियंस को उन्हें सीजन में कुछ और मौके देने चाहिए थे।
बता दें, विष्णु विनोद ने अभी तक अपने टी-20 क्रिकेट में 49 पारियों में 138.13 के स्ट्राइक रेट से 1228 रन बनाए हैं जिसमें 7 अर्धशतक मौजूद हैं। विनोद को इस सीजन में तो ज्यादा मौके नहीं मिले लेकिन अगले संस्करण में मुंबई इंडियंस उन्हें जरूर मौके देंगी।