आखिरी वक्त तक टीम इंडिया ने की WTC 2023 final की कड़ी तैयारी, वीडियो आया सामने
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जाने वाले वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का फैंस को बड़ी बेसब्री से इंतजार है।
अद्यतन - जून 7, 2023 12:18 अपराह्न

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल का फैंस को बड़ी बेसब्री से इंतजार है और उनका ये इंतजार कुछ ही घंटों में खत्म होने वाला है। आज 3 बजे से लंदन के द ओवल में दोनों टीमों के बीच मुकाबला शुरू होगा। हालांकि, इस खिताबी मुकाबले से पहले भारतीय टीम आखिरी वक्त तक जमकर पसीना बहाते नजर आई।
भारतीय क्रिकेट टीम के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किए गए वीडियो में भारतीय खिलाड़ी कड़ी मेहनत करते दिखे। वीडियो में विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे को नेट में बल्लेबाजी का अभ्यास करते देखा जा सकता है। इसके अलावा हेड कोच राहुल द्रविड़ खिलाड़ियों को कैच का अभ्यास कराते नजर आए।
इसके साथ ही केएस भरत को विकेटकींपिग का अभ्यास करते देखा गया। कुल मिलाकर पूरी भारतीय टीम ने आखिरी वक्त तक कड़ी मेहनत की है। अब खिताब जीतने के लिए भारतीय टीम को योजनाओं को अच्छी तरह लागू करने और उस पर अमल करने की देरी है। इंडियन क्रिकेट टीम द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो पर फैन्स भी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
IND vs AUS (WTC Final) : यहां देखिए वीडियो
बात करें भारतीय टीम के प्लेइंग इलेवन कॉम्बिनेशन की तो बतौर विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत और इशान को शामिल करने को लेकर लोगों के अलग-अलग मत देखने को मिल रहे हैं। फिर भी केएस भरत के खेलने की अधिक संभावना है, क्योंकि उनके पास ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने का अनुभव है। वहीं इशान किशन को खेल के इस लंबे प्रारूप में अभी डेब्यू करना है।
रवींद्र जडेजा का खेलना सुनिश्चित है, जबकि ऐसा माना जा रहा है कि रविचंद्रन अश्विन और शार्दुल ठाकुर को लेकर टीम मैनेजमेंट पिच को देखते हुए विचार करेगी। तीन गेंदबाज मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और उमेश यादव प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हो सकते हैं। भारत के टॉप आर्डर में रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, पुजारा और अजिंक्य रहाणे होंगे।