'प्लान बी रखे तैयार, वरना ऑस्ट्रेलिया के आगे...': स्टीव वॉ ने एशेज 2023 से पहले बैजबॉल स्टाइल को लेकर इंग्लैंड को दी चेतवानी - क्रिकट्रैकर हिंदी

‘प्लान बी रखे तैयार, वरना ऑस्ट्रेलिया के आगे…’: स्टीव वॉ ने एशेज 2023 से पहले बैजबॉल स्टाइल को लेकर इंग्लैंड को दी चेतवानी

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज 2023 का आगाज 16 जून से हो रहा है।

Steve Waugh and England Team. (Image Source: Getty Images)
Steve Waugh and England Team. (Image Source: Getty Images)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज स्टीव वॉ ने 16 जून से शुरू हो रही 2023 एशेज सीरीज से पहले मेजबान इंग्लैंड की बैजबॉल अप्रोच पर सवाल उठाए हैं। वॉ ने कहा उन्हें नहीं लगता कि इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने आगामी एशेज 2023 के लिए कोई प्लान बी तैयार किया होगा।

स्टीव वॉ ने यह भी स्वीकार किया कि बैजबॉल स्टाइल अब तक बेहद सफल रही, लेकिन इसकी असली अग्निपरीक्षा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में होगी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजी अटैक को दुनिया का सबसे बेस्ट बताते हुए इंग्लैंड को चेतावनी दी है कि वे केवल बैजबॉल स्टाइल के भ्रम में फंसे न रहे।

क्या इंग्लैंड के पास प्लान बी है?

स्टीव वॉ ने ईएसपीएनक्रिकइंफो के हवाले से कहा: “क्या इंग्लैंड के पास प्लान बी है? इंग्लैंड की इस बहुचर्चित बैजबॉल स्टाइल पर यह सबसे बड़ा सवाल है। अगर उनकी यह तकनीक फेल हो जाती है, तो फिर उनकी अगली चल क्या होगी? अगर उन्होंने प्लान बी तैयार नहीं किया है, तो उन्हें इस पर जरूर काम करना चाहिए।

हालांकि, इंग्लैंड ने दिखाया है कि वे बैजबॉल क्रिकेट के साथ कितने शानदार रहे हैं, और परिणाम कितने जबरदस्त दिए हैं, लेकिन बेन स्टोक्स और उनकी टीम की असली परीक्षा दुनिया के सबसे तगड़े गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ होगी, जो ऑस्ट्रेलिया के पास है।

इसमें कोई शक नहीं है कि बैजबॉल स्टाइल हर समय काम नहीं करेगी, लेकिन मुझे लगता है कि इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम और कप्तान बेन स्टोक्स के पास इसके अलावा दूसरे रास्ते पर भी चलने का साहस होगा। वे टीम में अधिक बदलाव नहीं कर सकते। क्या उनके पास बैक-अप प्लान है? मुझे नहीं लगता।”

close whatsapp