WTC Final: ‘इंडिया जीतेगा’ का नारे लगाते हुए ऑस्ट्रेलियाई फैन्स का वीडियो हुआ आग की तरह वायरल
WTC फाइनल को लेकर फैन्स के बीच भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
अद्यतन - जून 10, 2023 6:45 अपराह्न

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के खिताबी जीत के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया एक-दूसरे को मात देने में जुटी है। वहीं इस महामुकाबले को लेकर फैन्स के बीच भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। लंदन के ओवल में खेले जा रहे मैच में भारतीय टीम पिछड़ती हुई नजर आ रही है। इसके बावजूद टीम को फैन्स का सपोर्ट मिल रहा है।
इस बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें भारतीय फैन्स के अलावा ऑस्ट्रेलियाई फैन्स भी टीम इंडिया को चीयर करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को ‘भारत आर्मी’ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया है।
इस वीडियो में ऑस्ट्रेलियाई फैन्स भारतीय फैन्स के साथ बैठकर ‘जीतेगा भाई जीतेगा इंडिया जीतेगा!’ का नारा लगाते हुए देखे जा सकते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। ऑस्ट्रेलियाई फैन्स की इस खेल भावना को देखकर सभी तारीफ कर रहे हैं।
यहां देखिए वायरल वडियो
ऑस्ट्रेलिया ने बनाई मैच पर मजबूत पकड़
मुकाबले की बात करें ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन भारत पर 400 रनों से अधिक की बढ़त हासिल कर ली है। इस तरह मैच पर ऑस्ट्रेलिया काफी मजबूत पकड़ बना चुकी है। खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 81 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 242 रन बना लिए हैं। एलेक्स कैरी 63 रन बनाकर, जबकि मिचेल स्टार्क 29 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 469 रन बनाए। जिसमें ट्रेविस हेड ने 163 रनों की शानदार पारी खेली। इसके अलावा स्टीव स्मिथ ने भी 121 रनों का योगदान दिया। इसके जवाब में भारत की पहली 296 रनों पर सिमट गई।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने भारतीय टॉप ऑर्डर बुरी तरह लड़खड़ा गया। रोहित, गिल, पुजारा और कोहली ये चारों बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए। वहीं मेन इन ब्लू के लिए अजिंक्य रहाणे 89 और शार्दुल ठाकुर ने 51 रनों की पारी खेली। जबकि रवींद्र जडेजा ने 48 रन बनाए।