माइकल वॉन का मानना इंग्लैंड एशेज में स्कॉट बोलैंड को कर सकता है टारगेट
एशेज सीरीज की शुरुआत 16 जून से हो रही है और इसमें कुल 5 टेस्ट मुकाबले खेले जाएंगे।
अद्यतन - Jun 14, 2023 2:10 pm

एशेज सीरीज से पहले इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने बड़ा बयान दिया है। माइकल वॉन के मुताबिक इंग्लिश बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया के बेहतरीन तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड को टारगेट करेंगे। बता दें, एशेज सीरीज की शुरुआत 16 जून से हो रही है और इसमें कुल 5 टेस्ट मुकाबले खेले जाएंगे।
हाल ही में संपन्न हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में स्कॉट बोलैंड ने भारत के खिलाफ काफी अच्छी गेंदबाजी की थी और टीम के लिए महत्वपूर्ण समय पर विकेट चटकाए थे। उनकी शानदार गेंदबाजी की वजह से ऑस्ट्रेलिया ने भारत को वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में 209 रनों से करारी शिकस्त दी थी।
माइकल वॉन की मानें तो इंग्लिश बल्लेबाज पिछले 1 साल से टेस्ट में काफी आक्रमक क्रिकेट खेल रहे हैं और उन्हें स्कॉट बोलैंड को खेलने में कोई भी परेशानी नहीं होगी।
माइकल वॉन ने फॉक्स क्रिकेट को बताया कि, ‘Bazball ने काफी टीमों के खिलाफ काफी अच्छा काम किया है। ऑस्ट्रेलिया टीम बाकी से काफी अलग है और उनका गेंदबाजी क्रम काफी अच्छा है। लेकिन इंग्लैंड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी आक्रमण क्रिकेट खेलने को देखेंगे। स्कॉट बोलैंड की गेंदबाजी को वो स्पिनर की तरह खेलेंगे।’
स्कॉट बोलैंड को स्पिनर की तरह खेलेगी इंग्लैंड टीम: माइकल वॉन
माइकल वॉन ने आगे कहा कि, ‘इंग्लैंड टीम आगे बढ़कर क्रिकेटिंग शॉट्स खेलेंगे। उन्हें पता है कि ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज किस लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करेंगे।’
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर मार्क वॉ का मानना है कि आगामी सीरीज में जोश हेजलवुड की जगह स्कॉट बोलैंड खेलते हुए नजर आ सकते हैं।
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने कहा कि, ‘अगर आपने यह बात 12 महीने पहले की होती कि जोश हेजलवुड टीम से बाहर रहेंगे तो सब लोग आपको पागल समझते। लेकिन इस समय ऐसा हो सकता है। मुझे लगता है कि स्कॉट बोलैंड खेलेंगे और पैट कमिंस और मिचेल स्टार्क भी सभी मुकाबलों में खेलेंगे क्योंकि उनके पास गति भी है और उनकी लाइन और लेंथ भी काफी अच्छी है।
चौथी गेंदबाज के रूप में कैमरून ग्रीन को टीम में शामिल किया जा सकता है। मुझे लगता है कि पहला टेस्ट जोश हेजलवुड नहीं खेलेंगे।’