जून 18 मॉर्निंग न्यूज हेडलाइंस: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - जून 18, 2023 10:12 पूर्वाह्न

1. भारतीय घरेलू सत्र के लिए शेड्यूल आया सामने
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र (2023-24) का शेड्यूल जारी कर दिया है। रणजी ट्रॉफी का अगला सीजन 5 जनवरी, 2024 से शुरू होगा। यह टूर्नामेंट 70 दिनों तक चलेगा। टूर्नामेंट 14 मार्च को समाप्त होगा, लीग चरण 19 फरवरी को समाप्त होगा जिसके बाद नॉकआउट मैच 23 फरवरी से शुरू होंगे। वहीं दिलीप ट्रॉफी का अगला सीजन 28 जून से 16 जुलाई के बीच खेला जाएगा। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 16 अक्टूबर से 6 नवंबर के बीच खेला जाएगा।
2. उस्मान ख्वाजा के शतक से ऑस्ट्रेलिया पहुंचा मजबूत स्थिति में
एशेज 2023 के पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए ओपनर उस्मान ख्वाजा ने शानदार शतक जमाया है। इसी के साथ उन्होंने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। 2022 के बाद से अब तक सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में उस्मान ख्वाजा ने जो रूट की बराबरी कर ली है। ख्वाजा ने इस शतक के साथ एक और रिकॉर्ड बनाया है. वो 26 साल बाद बतौर ओपनर ऑस्ट्रेलिया के लिए एशेज सीरीज के दौरान एजबेस्टन में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।
3. वेस्टइंडीज दौरे से पहले NCA जाएंगे इशान किशन
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज़ इशान किशन और कुछ अन्य सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट करार वाले खिलाड़ी वेस्टइंडीज दौरे से पहले अगले सप्ताह स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग के लिए बेंगलुरु स्थित एनसीए जाएंगे। भारतीय टीम वेस्टइंडीज़ के खिलाफ 12 जुलाई से दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 खेलेगी। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम 3 जुलाई को विंडीज के लिए रवाना होगी।
4. रोहित की खराब फॉर्म पर दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी प्रतिक्रिया
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं। वहीं WTC फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के बाद रोहित शर्मा को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच, अब साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ ने रोहित शर्मा के खराब फॉर्म पर बड़ा बयान दिया है। स्मिथ का मानना है कि रोहित शर्मा को कुछ दिन क्रिकेट मैदान से दूर रहना चाहिए, वह पहले रिफ्रेश हो जाएं, फिर क्रिकेट मैदान पर दोबारा वापसी करें।
5. सुरेश रैना का खुलासा, MS धोनी से बोलकर खुद को करवाया था टीम से ड्रॉप
चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व स्टार सुरेश रैना क्रिकेट से दूर हैं। इसी बीच एक बातचीत के दौरान उन्होंने खुलासा किया कि आईपीएल फाइनल 2021 से पहले धोनी ने प्लेइंग इलेवन की सुझाव उन्हीं से ली थी। उन्होंने कहा कि, रॉबिन उथप्पा को टीम में शामिल करने के लिए धोनी ने उनसे अनुमति ली थी और दोनों की सहमति के बाद ही उथप्पा को टीम में शामिल किया गया।
6. नितिन मेनन ने अपने इस बयान से मचाया क्रिकेट जगत ने बवाल
एशेज डेब्यू से पहले अंपायर नितिन मेनन ने पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में बवाल मचाने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि, भारत में टीम इंडिया के मैच के दौरान काफी प्रेशर होता है। लेकिन इसी प्रेशर ने उन्हें आगे बढ़ने में काफी मदद की है। वहीं इसी प्रेशर के कारण विदेश में होने वाले मैचों में अंपायरिंग करना उनके लिए आसान हो गया है। नितिन मेनन ने इंटरव्यू में कहा कि, जब टीम इंडिया भारत में ही खेलती है तो काफी हाइप होता है। टीम इंडिया के कई बड़े खिलाड़ी मुझपे या किसी के ऊपर भी दबाव बनाने की कोशिश करते हैं।
7. अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए हुआ बांग्लादेशी टीम का ऐलान
बांग्लादेश के स्टार ऑलराउंडर शाकिब अल हसन की अफगानिस्तान के खिलाफ पांच जुलाई से शुरू होने वाली आगामी घरेलू सीरीज के लिए शनिवार को वनडे टीम में वापसी हुई है। बांग्लादेशी बोर्ड ने हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए टीम का ऐलान किया है।
बांग्लादेशी टीम: तमीम इकबाल (कप्तान), लिटन दास, नजमुल हुसैन शान्तो, शाकिब अल हसन, मुशफिकुर रहीम, तौहिद हृदय, मेहदी हसन मिराज, तैजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, इबादत हुसैन, मुस्तफिजु़र रहमान, हसन महमूद, शरीफुल इस्लाम, अफिफ हुसैन, मोहम्मद नईम।
8. वेस्टइंडीज दौरे के लिए वसीम जाफर ने इन क्रिकेट सितारों को बताया अपनी पहली पसंद
वेस्टइंडीज दौरे से पहले भारत के पूर्व वसीम जाफर ने भी अपने पसंदीदा खिलाड़ियों के बारे में बात की। उन्होंने उन युवाओं के नाम बताए हैं जिन्हें वेस्टइंडीज भेजना चाहिए। जाफर को लगता है कि यशस्वी जायसवाल एक ऐसा नाम है जिसे टेस्ट टीम और टी20 टीम दोनों में वेस्टइंडीज दौरे के लिए गंभीरता से देखने की जरूरत है। जाफर ने वनडे और टी20 टीमों के लिए कुछ अन्य नाम भी चुने।