44 टेस्ट मैचों के बाद ही उस्मान ख्वाजा को सताने लगा था करियर खत्म होने का डर! बल्लेबाज ने किया बड़ा खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

44 टेस्ट मैचों के बाद ही उस्मान ख्वाजा को सताने लगा था करियर खत्म होने का डर! बल्लेबाज ने किया बड़ा खुलासा

उस्मान ख्वाजा ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में 141 रनों की पारी खेली।

Usman Khawaja (Photo Source: Twitter)
Usman Khawaja (Photo Source: Twitter)

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने हाल ही में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल जीता है। इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया इस वक्त मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। उस्मान ख्वाजा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भारत के खिलाफ काफी ज्यादा खराब नजर आए थे। उस्मान ख्वाजा पहली पारी में (शून्य) और दूसरी पारी में (13 रन) पर आउट हो गए थे।

एशेज सीरीज से पहले इंग्लैंड में उस्मान ख्वाजा के रिकॉर्ड्स के बारे में खूब चर्चा हो रही थी। लेकिन उन्होंने आलोचनाओं को मुंहतोड़ जवाब देते हुए एशेज सीरीज के पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में (141 रन) की शानदार पारी खेली। इंग्लैंड के खिलाफ शतकीय पारी के बाद उस्मान ख्वाजा ने बड़ा बयान दिया है। उस्मान ख्वाजा ने कहा है कि, 44 टेस्ट मैचों के बाद उन्हें लगा था कि उनका टेस्ट करियर खत्म हो चुका है।

हर टेस्ट एक बोनस की तरह है- उस्मान ख्वाजा

उस्मान ख्वाजा ने 2021 में टेस्ट क्रिकेट में वापसी की थी और तब से ही वह अपना शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए नजर आ रहे हैं। वापसी के बाद उस्मान ख्वाजा ने अब तक 60 के औसत से 1500 रन बना लिए हैं। ख्वाजा ने हाल ही में अपने करियर को लेकर बड़ा बयान देते हुए बताया कि, 2019 में जब वह टेस्ट टीम से ड्रॉप कर दिए गए थे तब उन्हें लगा था कि उनका करियर खत्म हो चुका है।

उस्मान ख्वाजा ने इंडिया टूडे पर बात करते हुए कहा, ‘ईमानदारी से मैंने सोचा था कि 44 टेस्ट मैचों के बाद मेरा करियर समाप्त हो गया। मैं बहुत संतुष्ट और खुश था। अधिकांश लोगों को 44 टेस्ट मैच खेलने के नहीं मिलते। 8 शतक बनाए, एशेज विजेता टीम का हिस्सा रहा। इसलिए जब मुझे फिर से खेलने का मौका मिला तो हर टेस्ट एक बोनस की तरह लगता है। कुछ भी हमेशा के लिए नहीं रहता है इसलिए मैं आनंद ले रहा हूं।’

वहीं बात इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच के मैच की करें तो इंग्लैंड ने पहली पारी में 8 विकेट के नुकसान पर 393 रन बोर्ड पर लगाए थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 386 रनों पर ऑलआउट हो गई। तीसरे दिन के अंत तक दूसरी पारी में इंग्लैंड ने 28 रन पर दो विकेट गंवा दिए हैं। जो रूट और ओली पोप दोनों ही बल्लेबाज शून्य पर क्रीज पर मौजूद है।

close whatsapp