Ashes 2023: अब तो केविन पीटरसन भी इंग्लैंड के जीतने की उम्मीद कर रहे हैं
केविन पीटरसन की मानें तो खेल का पांचवा दिन बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छा साबित हो सकता है और इंग्लैंड को इसका भरपूर फायदा उठाना चाहिए।
अद्यतन - Jul 2, 2023 4:02 pm

लॉर्ड्स में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया टीम ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया है और इंग्लैंड के चार महत्वपूर्ण विकेट दूसरी पारी में गिरा दिए हैं। इंग्लैंड की बात की जाए तो उन्होंने खेल के चौथे दिन 4 विकेट खोकर 114 रन बना लिए हैं और उन्हें अभी भी इस मैच को जीतने के लिए 257 रनों की और जरूरत है।
हालांकि इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन इसी उम्मीद में है कि उनकी टीम इस दूसरे टेस्ट मैच को अपने नाम कर ले। बता दें, ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट मुकाबले में इंग्लैंड को 2 विकेट से करारी शिकस्त दी थी और इस समय 5 मुकाबलों की टेस्ट सीरीज में वो 1-0 से आगे है। दूसरा टेस्ट जीतना दोनों टीमों के लिए ही बेहद जरूरी है। खेल के चौथे दिन की शुरुआत में इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया टीम के ऊपर दबाव बनाए रखा और उनको उनकी दूसरी पारी में 279 रन पर ऑलआउट कर दिया।
केविन पीटरसन की मानें तो खेल का पांचवा दिन बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छा साबित हो सकता है और इंग्लैंड को इसका भरपूर फायदा उठाना चाहिए। केविन पीटरसन ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक तस्वीर साझा की है जिसमें इंग्लैंड का मौसम काफी अच्छा दिख रहा है। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा, ‘मौसम बल्लेबाजी करने के लिए ही काफी अच्छा है।’
ये रहा केविन पीटरसन का ट्वीट:
Think we’re going to witness, The Miracle in Marylebone today.
Weather is as good as it gets for batting!
🏴🏴🏴🏴🏴🏴🏴🏴🏴🏴🏴🏴🏴🏴 pic.twitter.com/hm6t2tq59P— Kevin Pietersen🦏 (@KP24) July 2, 2023
बता दें, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे टेस्ट के पांचवें दिन का खेल शुरू हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट को आसानी से अपने नाम कर लिया था और अब टीम इस दूसरे टेस्ट को भी जीतना चाहेंगी।
इंग्लैंड की बात की जाए तो टीम अपने ही घर में मैच खेल रही है और उन्हें यहां की परिस्थितियों का काफी अच्छी तरह से पता होगा। ऑस्ट्रेलिया इस टेस्ट को भी जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है लेकिन इंग्लैंड को अभी से कमजोर समझना बहुत ही गलत होगा।