Ashes 2023: बारिश बिगाड़ सकती है पांचवें दिन का खेल, रोमांचक मुकाबले की देर से शुरुआत होने की उम्मीद
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक पांचवें दिन का खेल देरी से शुरू हो सकता है।
अद्यतन - जून 20, 2023 2:58 अपराह्न

एजबेस्टन में खेला जा रहा पहला एशेज टेस्ट अब अपने पांचवें दिन में पहुंच गया है। खेल के आखिरी दिन ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 174 रनों की जरूरत है, जबकि इंग्लैंड को जीत के लिए 7 विकेट चाहिए। हालांकि, पांचवें दिन बारिश की संभावना है। वहीं तूफान आने की उम्मीद भी जताई जा रही है। इस वजह से खेल के देर से शुरु होने की उम्मीद है।
एशेज का पहला टेस्ट अब तक काफी रोमांचक रहा है, क्योंकि दोनों टीमों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी है। चौथे दिन इंग्लैंड की टीम जो रूट, हैरी ब्रूक और बेन स्टोक्स की महत्वपूर्ण पारियों की मदद से एक अच्छा स्कोर बनाने में कामयाब रही। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने शानदार तरीके से वापसी की और इंग्लैंड की दूसरी पारी को 273 रनों पर समेट दिया।
वहीं 281 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में जबरदस्त शुरुआत की। डेविड वार्नर अच्छे लय में दिखे और पहले विकेट के लिए उस्मान ख्वाजा के साथ 61 रनों की साझेदारी निभाई। हालांकि, वार्नर 36 रन बनाने के बाद रॉबिन्सन का शिकार हो गए। वहीं स्टुअर्ट ब्रॉड ने मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ को सस्ते में आउट कर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया।
बारिश बिगाड़ सकती है खेल
चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 3 विकेट खोकर 107 रन बना लिए हैं और उसे आखिरी दिन जीत के लिए 174 रन चाहिए। लेकिन पांचवें दिन बारिश की संभावना है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक खेल देरी से शुरू हो सकता है।
It’s gloomy and rainy in Birmingham as scheduled. The rain though could play as much a part in a potentially epic finish as any other factor on the field #Ashes pic.twitter.com/YSrVnNUYru
— Bharat Sundaresan (@beastieboy07) June 20, 2023
बता दें कि तीसरे दिन भी लगातार बारिश के कारण लगभग 43 ओवर का खेल बर्बाद हो गया था। अगर एजबेस्टन में बारिश ने खलल डाला तो इसकी वजह से दर्शकों को बल्ले और गेंद के बीच एक रोमांचक मुकाबला नहीं देखने को मिलेगा।
हालांकि ऑस्ट्रेलियाई टीम आखिरी दिन सेट बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा से एक और अच्छी पारी की उम्मीद कर रहा होगी। वहीं इंग्लैंड की नजरें कंगारू टीम को जल्द से जल्द ऑलआउट कर मुकाबला जीतने पर होंगी।