टीम इंडिया में चयन होने के बाद कुछ ऐसा था यशस्वी जायसवाल के पिता का रिएक्शन
यशस्वी जायसवाल ने कहा कि, मेरे चयन के बारे में पता चला तो मेरे पिता रोने लगे, दरअसल मैं अभी तक अपनी मां से नहीं मिला हूं।
अद्यतन - जून 24, 2023 4:34 अपराह्न

आईपीएल 2023 में शानदार प्रदर्शन करने वाले राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल का भारतीय टेस्ट टीम में चयन हुआ है। दरअसल टीम इंडिया अगले महीने वेस्टइंडीज दौरे पर जाएगी, जहां वह टेस्ट, ODI और T20 क्रिकेट खेलेगी। वहीं इन सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है।
बता दें भारतीय टेस्ट टीम में यशस्वी जायसवाल को जगह दिया गया है। उनके आईपीएल के फॉर्म को देखते हुए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में स्टैंडबाय खिलाड़ी के तौर पर भी शामिल किया गया था। लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था। हालांकि वेस्टइंडीज दौरे पर वह भारत के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
वहीं यशस्वी जायसवाल ने बताया कि, टीम इंडिया में चयन की खबर सुनकर उनके पिता रोने लगे थे। साथ ही उनका कहना था कि, उनकी तैयारी अच्छी चल रही है और उन्हें कई सीनियर खिलाड़ियों के साथ काफी सारी बातचीत करने का मौका भी मिला।
मैं अपना बेस्ट देने की पूरी कोशिश करूंगा-यशस्वी जायसवाल
बता दें PTI को दिए इंटरव्यू में यशस्वी जायसवाल ने कहा कि, मेरे चयन के बारे में पता चला तो मेरे पिता रोने लगे। दरअसल मैं अभी तक अपनी मां से नहीं मिला हूं। मैं कुछ समय में उनसे मिलूंगा। मैं सुबह से बाहर था, प्रैक्टिस सेशन के साथ-साथ कुछ बाकी काम भी कर रहा था। मैं बहुत अच्छा महसूस कर रहा हूं, मैं अपना बेस्ट देने की कोशिश करूंगा। मैं इसे लेकर बहुत उत्साहित हूं, साथ ही मैं बाहर जाकर खुद को एक्सप्रेस करना चाहता हूं।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, दरअसल मैं थोड़ा घबराया हुआ था, जब तक आपको पता नहीं चलता कि टीम में आपका नाम है, आप बेचैन से रहते हैं। लेकिन यह एक अच्छा एहसास भी है। मेरी तैयारी अच्छी चल रही है और मुझे कई सीनियर खिलाड़ियों के साथ काफी सारी बातचीत करने का मौका भी मिला। हालांकि बातचीत बहुत सिंपल थी, अपने काम पर ध्यान केंद्रित करने के बारे में थी। मैंने उनसे सीखा कि अंत में सब आप पर निर्भर करता है कि आप खुद को आगे कैसे लेकर जाते हैं।