World Cup 2023 को लेकर हरभजन सिंह का बड़ा बयान, कहा- टीम इंडिया का प्रदर्शन गिल और रोहित पर निर्भर करेगा
हरभजन सिंह ने कहा कि, अगर मैं भारत के बारे में बात करता हूं, तो यह शुरुआती साझेदारी पर निर्भर करता है।
अद्यतन - जुलाई 1, 2023 8:32 अपराह्न

World Cup 2023 का मुकाबला इस साल भारत में खेला जाना है। जिसको लेकर ICC ने शेड्यूल भी जारी कर दिया है। बता दें 5 अक्टूबर से इस महामुकाबला का आयोजन होगा। वहीं शेड्यूल जारी होते ही कई दिग्गज खिलाड़ियों ने अपनी राय रखी है। इस कड़ी में टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी हरभजन सिंह का कहना है कि, सब कुछ ओपनिंग पार्टनरशिप पर निर्भर करेगा। खासकर रोहित शर्मा और शुभमन गिल भारतीय टीम के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
बता दें कि Star Sports पर बातचीत करते हुए हरभजन सिंह ने कहा कि, अगर मैं भारत के बारे में बात करता हूं, तो यह शुरुआती साझेदारी पर निर्भर करता है। दरअसल बहुत कुछ रोहित शर्मा पर निर्भर करेगा। मुझे उम्मीद है शुभमन गिल टीम का हिस्सा हैं। अगर आप उन्हें नहीं खिलाएंगे तो यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण होगा।
वह भारतीय परिस्थितियों में बहुत अच्छी बल्लेबाजी करते हैं- हरभजन सिंह
हरभजन सिंह ने आगे कहा कि, मुझे लगता है कि शुभमन गिल अहम होंगे। वह भारतीय परिस्थितियों में बहुत अच्छी बल्लेबाजी करते हैं। बता दें साल वर्ल्ड कप 2019 में रोहित शर्मा ने काफी बेहतरीन प्रदर्शन किया था, उन्होंने 9 मैचों में 648 रन बनाए थे। इसके साथ ही हरभजन सिंह ने रवींद्र जडेजा के बारे में भी बात की। उनका कहना है कि जडेजा टीम इंडिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण खिलाड़ी साबित होंगे।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, मुझे लगता है गेंदबाजी में रवींद्र जडेजा अच्छा प्रदर्शन करेंगे जैसा कि हमने आईपीएल में देखा था, जहां उन्होंने 20 से अधिक विकेट लिए थे। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की पांचवीं जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बता दें जडेजा ने 16 मैचों में 7.56 की बेहतरीन इकॉनमी रेट से 20 विकेट लिए।
वहीं भारत के पूर्व क्रिकेटर और 1983 विश्व कप विजेता कृष्णमाचारी श्रीकांत का कहना है कि, जडेजा उसी तरह की भूमिका निभाएंगे जैसी युवराज सिंह ने साल 2011 में निभाई थी। इसलिए उनसे इस बार महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद की जाएगी।
यहां पढ़ें : अगर मैं ऑस्ट्रेलिया में होता तो…,रिकी पोंटिंग ने पैट कमिंस एंड कंपनी को लॉर्ड्स टेस्ट जीतने का मंत्र बताया