बेयरस्टो के विवादित आउट पर मिचेल स्टार्क ने बोली ऐसी बात की इंग्लैंड को लग जाएगी मिर्ची - क्रिकट्रैकर हिंदी

बेयरस्टो के विवादित आउट पर मिचेल स्टार्क ने बोली ऐसी बात की इंग्लैंड को लग जाएगी मिर्ची

लॉर्ड्स टेस्ट के पांचवें दिन जॉनी बेयरस्टो के विवादित आउट पर जमकर बवाल मचा।

Mitchell Starc (Pic Source-Twitter)
Mitchell Starc (Pic Source-Twitter)

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच लॉर्ड्स में खेला गया। जहां पांचवें दिन कंगारू टीम ने 43 रनों से जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। पूरे दिन बेन स्टोक्स ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से मैच में रोमांच बनाए रखा था। लेकिन जॉनी बेयरस्टो का विवादित रन आउट भी सुर्खियों में रहा।

दरअसल, 52वें ओवर में जॉनी बेयरस्टो कैमरून ग्रीन के बाउंसर को संभलकर खेलने के बाद डेड बॉल होने से पहले ही क्रीज से बाहर निकल गए। ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एलेक्स कैरी ने मौके का फायदा उठाया और गेंद सीधे स्टंप पर थ्रो किया। गेंद लगने के बाद गिल्लियां बिखर गईं।

पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपील की और थर्ड अंपायर ने बेयरस्टो को आउट करार दे दिया। इस विवादित आउट के बाद बवाल मच गया और क्रिकेट जगत दो हिस्सों में बंट गया। इस मामले में आईसीसी ने सफाई भी दी। वहीं अब मिचेल स्टार्क ने इस पर अपनी राय रखी है। उनका कहना है कि आउट करने का तरीका उसी तरह से था जैसे नियम के अनुसार चौथे दिन उनके कैच को नॉट आउट माना गया था।

पहले भी इस तरह के कैच हुए हैं…- मिचेल स्टार्क

स्टार्क ने कहा, स्टंपिंग उसी तरह से आउट था, जिस तरह से मेरा नॉट आउट दिया गया था। उन्होंने अपने कैच पर बोलते हुए कहा, हर समय मुझे लगा था कि गेंद मेरे कंट्रोल में है। पहले भी इस तरह के कैच हुए हैं और उन्हें सही माना गया था। शायद उन्हें उतने करीब से नहीं देखा गया। कानून के मुताबिक, यह आउट नहीं हुआ था और हम आगे बढ़ गए।

आपको बता दें कि चौथे दिन मिचेल स्टार्क ने फाइन लेग पर बेन डकेट का स्लाइड करते हुए कैच लिया था, लेकिन रिप्ले में देखने पर पता चला कि गेंद जमीन को टच कर गई है। इसलिए बने डकेट को नॉट आउट दिया गया। इस फैसले पर पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम और कई पूर्व क्रिकेटरों ने निराशा व्यक्त की।

बहरहाल, ऑस्ट्रेलिया ने मुकाबला 43 रनों से जीतने के साथ सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने 155 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाब नहीं हुए।

ये भी पढ़ें- ‘मैं मजाक नहीं कर रहा था’, बेन स्टोक्स की तारीफ में बड़ी बात बोल गए कोहली

close whatsapp