IND vs WI: वेस्टइंडीज में विराट कोहली दे रहे हैं यशस्वी जायसवाल को ट्रेनिंग, वायरल हुआ वीडियो
वीडियो में टीम इंडिया के खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल नेट्स में बल्लेबाजी करने के बाद विराट कोहली से अपनी बैटिंग को लेकर लंबी चर्चा करते हुए दिखें।
अद्यतन - जुलाई 6, 2023 1:25 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों वेस्टइंडीज दौरे पर है। जहां उसे वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट, तीन ODI और पांच टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है। बता दें कि 12 जुलाई से भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा, जिसको लेकर दोनों ही टीमें तैयारियों में लग गई हैं।
टीम इंडिया इन सीरीज के लिए 10 दिन पहले ही वेस्टइंडीज पहुंच गई और 2 दिनों के बाद से खिलाड़ियों ने नेट्स पर ट्रेनिंग करना शुरू कर दिया। वहीं इस टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में कई युवा खिलाड़ियों को मौका मिला है।
यशस्वी जायसवाल टेस्ट फॉर्मेट में डेब्यू कर सकते हैं
यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) भी टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया का हिस्सा हैं। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि यशस्वी जायसवाल टेस्ट फॉर्मेट में डेब्यू कर सकते हैं। इसके लिए वह नेट्स में खूब पसीना भी बहा रहे हैं। इस बीच विराट कोहली (Virat Kohli) और यशस्वी जायसवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
वायरल हो रहे वीडियो में टीम इंडिया के खिलाड़ी प्रैक्टिस करते नजर आ रहे हैं और वहीं यशस्वी भी नेट्स में बल्लेबाजी करने के बाद विराट कोहली से अपनी बैटिंग को लेकर लंबी चर्चा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि विराट कोहली ने नेट्स में बल्लेबाजी करने के बाद कोच राहुल द्रविड़ से भी कुछ बातचीत की और फिर इसके बाद कोहली यशस्वी जायसवाल से एक लंबी चर्चा करते नजर आ रहे हैं।
बता दें कि इस सीरीज के लिए चेतेश्वर पुजारा को मौका नहीं मिला है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि उनकी जगह यशस्वी जायसवाल को इस टेस्ट सीरीज में नंबर-3 की पोजीशन पर खेलने का मौका मिल सकता है। यशस्वी जायसवाल के लिए आईपीएल 2023 काफी बेहतरीन रहा था। वहीं टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के नए चक्र की शुरुआत करेगी।