विराट और रोहित को टी-20 टीम में न देखकर हैरान हुए सौरव गांगुली, कहा- इस फैसले से हैरान हूं
सौरव गांगुली ने कहा कि, मुझे समझ नहीं आ रहा है कि कोहली या रोहित T20I क्रिकेट क्यों नहीं खेल सकते हैं।
अद्यतन - जुलाई 8, 2023 12:40 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम इन दिनों वेस्टइंडीज दौरे पर हैं, जहां टीम को टी20, टेस्ट मैच और ODI मैच खेलने हैं। बता दें 12 जुलाई से भारत और वेस्टइंडीज की टीम के बीच पहला टेस्ट मैच खेला जाएगा। वहीं 3 अगस्त से दोनों टीमों के बीच टी20 सीरीज खेला जाएगा, जो 13 अगस्त तक चलेगा।
बता दें भारतीय टी20 टीम में कई युवा खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। वहीं कई सीनियर प्लेयर्स इस टीम का हिस्सा नहीं हैं। दरअसल विराट कोहली और रोहित शर्मा भी टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं। जिसको लेकर टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी और कप्तान सौरव गांगुली ने बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों के पास अभी भी T20I क्रिकेट में जगह है- सौरव गांगुली
दरअसल सौरव गांगुली का कहना है कि, विराट कोहली और रोहित शर्मा को टी20 टीम में जगह ना मिलना मेरे समझ से परे हैं क्योंकि दोनों के पास अभी भी T20I क्रिकेट में जगह है। बता दें एक मीडिया हाउस को दिए इंटरव्यू में सौरव गांगुली ने कहा कि, आप अपनी बेहतरीन खिलाड़ियों को चुने, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे कौन हैं।
उन्होंने अपनी बात को जारी रखते हुए आगे कहा कि, मेरी राय में, विराट कोहली और रोहित शर्मा दोनों के पास अभी भी T20I क्रिकेट में जगह है। दरअसल मुझे समझ नहीं आ रहा है कि कोहली या रोहित T20I क्रिकेट क्यों नहीं खेल सकते हैं। विराट कोहली IPL 2023 में शानदार फॉर्म में थे और अगर आप मुझसे पूछें तो मैं यही कहूंगा कि, दोनों की टी20 क्रिकेट में जगह है।
इसके साथ ही सौरव गांगुली ने युवा खिलाड़ियों को भी लेकर बात की। दरअसल उनका मानना है कि, अगर ये खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करते रहें तो उन्हें जल्द ही सीनियर टीम में मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि, उन्हें बस खेलना जारी रखना होगा। उन्हें जो भी मौका मिले उसमें उन्हें बेहतर प्रदर्शन करते रहना होगा। ऐसा हमेशा ही होता है। टीम में केवल 15 को चुना जा सकता है और उसमें से सिर्फ 11 ही खेल सकते हैं। तो कोई ना कोई मौके से चूक ही जाता है। लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि उनका समय आएगा।