ICC महिला टी-20 रैंकिंग: टॉप 5 पर पहुंची सूजी बेट्स, हरमनप्रीत कौर भी टॉप 10 में
वेस्टइंडीज और आयरलैंड के बीच खेली गई टी-20 सीरीज में हेली मैथ्यूज ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था।
अद्यतन - जुलाई 11, 2023 4:26 अपराह्न

न्यूजीलैंड की बेहतरीन खिलाड़ी सूजी बेट्स ने महिला टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में पांचवा स्थान अपने नाम किया है, जबकि भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इस लिस्ट के टॉप 10 में अपना नाम एक बार फिर से दर्ज किया है। आज यानी 11 जुलाई को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने लेटेस्ट महिला टी-20 रैंकिंग का ऐलान किया है।
श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज में अभी तक दो मुकाबले खेले जा चुके हैं और इसमें सूजी बेट्स ने 44 रन और 52 रन बनाए हैं। उनकी इस बल्लेबाजी की वजह से टीम ने इस सीरीज को 2-0 से अपने नाम कर लिया है और अभी भी इन दोनों टीमों के बीच एक मैच खेला जाना है।
यह भी पढ़े: रिपोर्टर बन रोहित शर्मा ने रहाणे से पूछे दिलचस्प सवाल, उपकप्तान ने जवाब से जीत लिया दिल
हरमनप्रीत कौर की बात की जाए तो इस समय भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ तीन मुकाबलों की टी-20 सीरीज खेल रही है। हरमनप्रीत कौर ने पहले टी-20 मुकाबले में 35 गेंदों की 54 रनों की नाबाद मैच जिताऊ पारी खेली। इस पारी के बाद उन्होंने ICC महिला टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में 10वां पायदान हासिल किया। वेस्टइंडीज और आयरलैंड के बीच खेली गई टी-20 सीरीज में हेली मैथ्यूज ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया था। उनकी टी-20 रैंकिंग में भी काफी इजाफा हुआ है और वो अब 17वें पायदान पर पहुंच चुकी है। गेंदबाजों की रैंकिंग में भी वो 7वी रैंकिंग हासिल कर चुकी हैं।
कई खिलाड़ियों की रैंकिंग में हुआ इजाफा
इंग्लैंड की शानदार बल्लेबाज डेनियल वॉट की भी टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में इजाफा हुआ है, वो अब 14वें स्थान पर पहुंच चुकी है जबकि ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर एलिसा पैरी ने 25वीं रैंकिंग अपने नाम की है।
गेंदबाजी रैंकिंग में बात की जाए तो न्यूजीलैंड की अनुभवी तेज गेंदबाज ली तहुहु 6वें स्थान पर पहुंच चुकी हैं जबकि युवा स्पिनर फ्रैन जोनस ने 16वां स्थान अपने नाम किया है। इन सभी खिलाड़ियों ने पिछले कुछ समय से काफी अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी की और इसी वजह से उनकी रैंकिंग में भी उछाल देखने को मिला है।