The Ashes 2023: मुझे लग रहा है कि जॉनी बेयरस्टो इस हफ्ते अच्छा प्रदर्शन करने वाले हैं- स्टुअर्ट ब्रॉड
एशेज सीरीज का चौथा टेस्ट मैच इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 जुलाई से मैनचेस्टर में खेला जाएगा।
अद्यतन - जुलाई 17, 2023 12:33 अपराह्न

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी एशेज सीरीज 2023 में अभी तक दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। बता दें कि इस समय पैट कमिंस की अगुवाई वाली कंगारू टीम ने सीरीज में 2-1 की बढ़त बनाई हुई है। तो वहीं अब 19 जुलाई से दोनों टीमों के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में चौथा टेस्ट मैच शुरू होने वाला है।
तो वहीं इस मैच के शुरू होने से पहले इंग्लिश टीम के स्टार तेज गेंदबाज और जारी एशेज सीरीज में अभी तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले स्टुअर्ट ब्राॅड ने विकेटकीपर बल्लेबाज जाॅनी बेयरस्टो को लेकर बड़ा बयान दिया है। ब्राॅड का कहना है कि उन्हें ऐसा महसूस हो रहा है कि बेयरस्टो मैनचेस्टर में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले हैं।
स्टुअर्ट ब्राॅड ने बेयरस्टो को लेकर दिया बड़ा बयान
बता दें कि एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट मैच के शुरू होने से पहले डेली मेल के लिए लिखे गए एक काॅलम में स्टुअर्ट ब्राॅड ने जाॅनी बेयरस्टो को लेकर लिखा- हम सभी जॉनी बेयरस्टो को इतनी अच्छी तरह से जानते हैं और हम यह बड़े ही विश्वास के साथ कह सकते हैं कि वह दबाव में ही सबसे बढ़िया प्रतिक्रिया देते हैं।
ब्राॅड ने आगे कहा- दबाव में प्रदर्शन करने को लेकर मैं और वे (जाॅनी बेयरस्टो) काफी समान हैं। यही कारण है कि मुझे महसूस हो रहा है कि वह इस हफ्ते बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले हैं। उसे लगता है कि उसे खुद को साबित करने के लिए उसके पास एक मुद्दा है, यह ड्रेसिंग रूप के लिए नहीं है, बल्कि बाहर की दुनिया के लिए है।
ब्राॅड द्वारा दिए इस बयान से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि वह मैनचेस्टर टेस्ट में जाॅनी बेयरस्टो के प्रदर्शन को लेकर काफी आश्वस्त हैं। खैर, अब देखने लायक बात होगी कि बेयरस्टो इस मैच में कैसा प्रदर्शन करने वाले हैं? साथ ही बता दें कि पहले टेस्ट मैच में 78 रनों की पारी के बाद, बेयरस्टो तीन टेस्ट मैचों के दौरान कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए हैं।