जुलाई 23: Morning न्यूज हेडलाइंस: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
एक नजर डालिए आज सुबह की सभी बड़ी घटनाओं पर।
अद्यतन - Jul 23, 2023 8:51 am

1) चौथा टेस्ट मैच जीतने से इंग्लैंड 5 कदम दूर
इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी एशेज टेस्ट सीरीज के चौथे टेस्ट मैच में चार दिनों का खेल समाप्त हो चुका है। बारिश की वजह से चौथे दिन सिर्फ 30 ओवर का खेल हो सका। चौथे दिन की समाप्ति पर ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 71 ओवर बाद पांच विकेट के नुकसान पर 214 रन बना लिए हैं, और मेहमान टीम अभी भी इंग्लैंड से पहली पारी के आधार पर 61 रनों से पीछे है। तो वहीं अब खेल के पांचवे दिन मेजबान टीम को इस मैच को अपने नाम करने के लिए जल्द से जल्द बचे हुए पांच विकेट अपने नाम करने होंगे।
2) दूसरे टेस्ट मैच में विंडीज टीम ने की कमाल की वापसी
वेस्टइंडीज और भारत के बीच दूसरा टेस्ट मैच पोर्ट ऑफ स्पेन में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में फ़िलहाल तीन दिनों का खेल हो चुका है और तीसरे दिन विंडीज के बल्लेबाजों ने काफी अच्छी बल्लेबाजी की और पूरे दिन में मात्र 4 विकेट गंवाए। 438 रनों के जवाब में वेस्टइंडीज ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट के नुकसान पर 229 रन बना लिए हैं और वो अभी भी 209 रन पीछे हैं।
3) BANW vs INDW: तीसरे वनडे मैच के दौरान हुई अंपायरिंग से काफी नाराज हैं हरमनप्रीत कौर
बांग्लादेश और भारतीय महिला क्रिकेट टीम के बीच वनडे सीरीज का तीसरा मैच आज 22 जुलाई को दोनों टीमों के बीच शेर ए बांग्ला स्टेडियम ढाका में खेला गया। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला टाई रहा। इस मैच के दौरान हुई अंंपायरिंग को लेकर हरमनप्रीत कौर ने पोस्ट मैच काॅन्फ्रेंस में बड़ा बयान देते हुए इस दयनीय बताया है।
4) आज भी फिटनेस के मामले में सभी खिलाड़ियों से आगे हैं शिखर धवन
इन दिनों हर एक क्रिकेट फैन शिखर धवन के लिए काफी निराश हैं, जहां गब्बर को अब टीम इंडिया में मौके नहीं मिल रहे हैं। एशियन गेम्स की टीम धवन के फैन्स के लिए एक उम्मीद थी, लेकिन उसके लिए भी उन्हें टीम इंडिया में नहीं चुना गया। दूसरी ओर इन सभी बातों से दूर शिखर अपनी फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं, जिसका वीडियो उन्होंने खुद शेयर किया है।
5) आयरलैंड सीरीज के लिए सूर्यकुमार यादव को बनाया जा सकता है टीम इंडिया का कप्तान
वेस्टइंडीज का दौरा समाप्त होने के बाद टीम इंडिया को आयरलैंड का दौरा करना है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो इस दौरे के लिए रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पांड्या जैसे सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जा सकता है। वहीं खबरों की माने तो टीम इंडिया के धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को इस दौरे के लिए कप्तान नियुक्त किया जा सकता है।
6) विराट कोहली की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं दिनेश कार्तिक
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में विराट कोहली ने शानदार शतकीय पारी खेली। लगभग पांच सालों के बाद उन्होंने विदेशी सरजमीं पर शतक लगाया। उनकी इसी पारी की तारीफ करते हुए टीम इंडिया के फिनिशर दिनेश कार्तिक ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, विराट कोहली और टेस्ट क्रिकेट की लव स्टोरी काफी समय से चल रही हैं। समय के साथ कोहली और अच्छे नजर आ रहे हैं।
7) टीम इंडिया के खिलाड़ी मुकेश कुमार का ये वीडियो आपने देखा क्या?
वेस्टइंडीज के खिलाफ जारी सीरीज में टीम इंडिया के कई खिलाड़ियों का टेस्ट डेब्यू हुआ है, जिसमें मुकेश कुमार, ईशान किशान और यशस्वी जयसवाल का नाम शामिल है। दूसरी ओर किसी भी खिलाड़ी के लिए भारतीय टीम से टेस्ट क्रिकेट खेलना एक सपना होता है, वो ही सपना पूरा होने के बाद गेंदबाज मुकेश कुमार काफी इमोशनल हो गए। उनका एक वीडियो टीम इंडिया के सोशल मीडिया पर शेयर हुआ है जिसमें वो अपनी मां से बात करते हुए काफी इमोशनल हो गए।
8) BAN W vs IND W: हरमनप्रीत कौर के LBW आउट पर स्मृति मंधाना का बड़ा बयान
बांग्लादेश महिला और भारतीय महिला टीम के बीच खेला गया तीसरा वनडे मैच टाई पर समाप्त हुआ और दोनों टीमों के बीच सीरीज 1-1 की बराबरी पर खत्म हुई। इस मैच में टीम इंडिया के कप्तान हरमनप्रीत कौर को जिस तरह से रन आउट करार दिया गया वो इस वक्त काफी सुर्खियां बटोर रहा है, अब इस को लेकर स्मृति मंधाना ने बड़ा बयान दिया है। अंपायरिंग फैसलों को लेकर स्मृति मंधाना का कहना है कि भविष्य में भारत-बांग्लादेश सीरीज में न्यूट्रल अंपायरों को शामिल करना चाहिए।
9) युजी चहल वाइफ से दूरी नहीं कर पा रहे हैं बर्दाश्त, अब धनश्री वर्मा को बताया खुद की Barbie Doll
टीम इंडिया के स्पिन गेंदबाज युजी चहल अपनी वाइफ धनश्री वर्मा के पोस्ट पर कई बार मजेदार कमेंट्स करते हैं, जिसका जवाब भी धनश्री कमाल का देती हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला है, जहां इंस्टा पोस्ट से इस कपल का कमेंट काफी ज्यादा ही वायरल हो रहा है सोशल मीडिया की दुनिया में।