एशिया कप 2023 शुरू होने से पहले आया ट्विस्ट, श्रीलंका में होगा पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज
हंबनटोटा पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच सीरीज के लिए वेन्यू हो सकता है।
अद्यतन - जुलाई 26, 2023 1:57 अपराह्न

अगले महीने 30 अगस्त से शुरू होने वाला एशिया कप (Asia Cup 2023) हाइब्रिड मॉडल के तहत पाकिस्तान और श्रीलंका में खेला जाएगा। एशियाई टूर्नामेंट के चार मुकाबले पाकिस्तान में, जबकि बाकी मुकाबले श्रीलंका में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का शेड्यूल पहले ही जारी कर दिया गया है। इस बीच खबर आ रही है कि श्रीलंका एशिया कप से पहले पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज की मेजबानी करने वाला है।
श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने वनडे सीरीज के लिए न्यूट्रल वेन्यू के संबंध में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) और अफगानिस्तान क्रिकेट (ACB) के साथ बातचीत की है। माना जा रहा है कि हंबनटोटा पाकिस्तान-अफगानिस्तान के बीच सीरीज के लिए वेन्यू हो सकता है।
सीरीज को लेकर SLC अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के संपर्क में है
वहीं दोनों बोर्डों ने, यह ध्यान में रखते हुए श्रीलंका एशिया कप 2023 की मेजबानी करने वाला है, श्रीलंका क्रिकेट को सीरीज की मेजबानी के लिए अपनी मंजूरी दे दी है। श्रीलंका क्रिकेट के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने पुष्टि की कि बोर्ड सीरीज की मेजबानी को लेकर एसीबी के संपर्क में है।
क्रिकेट पाकिस्तान के हवाले से सिल्वा ने कहा, हम उनके (एसीबी) साथ बातचीत कर रहे हैं। वे इसको लेकर काफी इंटरेस्टेड हैं और मुझे लगता है कि वे सहमत हो जाएंगे। इसलिए हम अपने एशियाई देशों और अन्य देशों की मदद करने से काफी खुश हैं।
अब माना जा रहा है कि कुछ ही दिनों में पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच होने वाली सीरीज का शेड्यूल सामने आ जाएगा। बता दें कि पाकिस्तान इस वक्त श्रीलंका में है और वह मेजबान टीम के साथ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रहा है।
पाकिस्तान ने पहले टेस्ट मैच में श्रीलंका को 4 विकेट से हराया। वहीं दूसरा टेस्ट मैच कोलंबों में खेला जा रहा है, जहां मेहमान टीम मजबूत स्थिति में नजर आ रही है।
यह भी पढ़ें- वर्ल्ड कप 2023 से पहले BCCI का कड़ा कदम, आयोजन स्थलों के निरीक्षण के लिए बनाई उप समिति