वर्ल्ड कप 2023 में इस युवा खिलाड़ी को नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए देखना चाहते हैं सौरव गांगुली
वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में तिलक वर्मा ने किया था शानदार प्रदर्शन।
अद्यतन - अगस्त 19, 2023 11:55 पूर्वाह्न

भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि, अगर श्रेयस अय्यर 2023 वर्ल्ड कप तक फिट नहीं हो पाते हैं तो फिर उनकी जगह तिलक वर्मा को नंबर 4 पर बल्लेबाजी के लिए टीम में शामिल किया जा सकता है। वर्ल्ड कप 2023 से पहले एक बार फिर नंबर 4 को लेकर काफी बहस चल रही है। बता दें कि श्रेयस अय्यर इस समय अपनी पीठ की सर्जरी के बाद राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैब कर रहे हैं।
इसी मुद्दे पर सौरव गांगुली ने कहा कि तिलक वर्मा नंबर 4 पर अय्यर के लिए संभावित रिप्लेसमेंट हो सकते हैं। पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष ने कहा कि, “किसने कहा कि हमारे पास नंबर 4 नहीं है? हमारे पास बहुत सारे (बल्लेबाज) हैं जो उस स्थान पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। मैं अलग तरह से सोचता हूं; मेरी मानसिकता अलग है। बाएं हाथ का बल्लेबाज होने के कारण तिलक वर्मा को एक विकल्प के रूप में देखता हूं।”
तिलक वर्मा ने वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 सीरीज में किया था शानदार प्रदर्शन
तिलक ने हाल ही में वेस्टइंडीज दौरे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। उन्होंने दौरे पर सभी पांच T20I खेले और 140.65 की स्ट्राइक रेट से 173 रन बनाए। हालांकि हैदराबाद के बल्लेबाज ने अभी तक 50 ओवर के प्रारूप में डेब्यू नहीं किया है, लेकिन गांगुली का मानना है कि तिलक और यशस्वी जयसवाल जैसे निडर युवा खिलाड़ियों को भारतीय टीम में तेजी से शामिल किया जा सकता है।
गांगुली ने कहा कि, “वह (तिलक) एक बहुत अच्छे युवा खिलाड़ी हैं, उनके पास ज्यादा अनुभव नहीं है, लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैं युवा बाएं हाथ के बल्लेबाज (जायसवाल) को टीम में शीर्ष क्रम पर देखना चाहता हूं। उनके पास जबरदस्त क्षमता है और वह निडर है।
सौरव गांगुली ने कहा कि मेजबान भारत 19 नवंबर को वर्ल्ड कप जीतने का प्रबल दावेदार होगा। भारत के पूर्व कप्तान ने जिन पांच खिलाड़ियों को चुना उनमें पांच बार के विजेता ऑस्ट्रेलिया और मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड का भी नाम शामिल है।
गांगुली ने कहा कि, “मुझे लगता है कि ऑस्ट्रेलिया एक होगा; इंग्लैंड, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड को नजरअंदाज नहीं कर सकते और फिर दक्षिण अफ्रीका है… लेकिन अगर आप इस समय मेरे सर्वश्रेष्ठ पांच के बारे में पूछें, तो यह ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड है।”