टीम इंडिया का ये सलामी बल्लेबाज हुआ रिंकू सिंह की बल्लेबाजी का फैन, कहा- उन्हें पता है कि..... - क्रिकट्रैकर हिंदी

टीम इंडिया का ये सलामी बल्लेबाज हुआ रिंकू सिंह की बल्लेबाजी का फैन, कहा- उन्हें पता है कि…..

आयरलैंड के खिलाफ दूसरे T20I में रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में बनाए 38 रन।

Rinku Singh (Photo Source: Getty Images)
Rinku Singh (Photo Source: Getty Images)

टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ ने रविवार को आयरलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में शानदार पारी खेलने वाले रिंकू सिंह की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रिंकू को पता है कि कब उन्हें तेज गति से रन बनाना है। गायकवाड़ ने यह भी कहा कि, इस पारी के बाद रिंकू सिंह का कॉन्फिडेंस काफी ज्यादा बढ़ जाएगा।

डबलिन में खेले गए दूसरे टी20I में गायकवाड़ ने 43 गेंदों में 58 रन बनाए। वहीं, रिंकू ने 21 गेंदों में 38 रन की पारी खेली और इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। रिंकू और गायकवाड़ की पारी के बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 185/5 का स्कोर बनाया। मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गायकवाड़ ने रिंकू के प्रदर्शन को लेकर बयान दिया और यह भी कहा कि वो ऐसे प्लेयर हैं जो स्थिति का बहुत अच्छी तरह से आकलन करता है।

रुतुराज गायकवाड़ ने जमकर की रिंकू सिंह की तारीफ

गायकवाड़ ने कहा कि, “इस साल के आईपीएल के बाद रिंकू पहले से ही सभी का पसंदीदा बन गया है। इस साल आईपीएल में बल्लेबाजी करते समय उसने काफी परिपक्वता दिखाई। रिंकू के बारे में एक खास बात यह है कि वह पहली गेंद से आक्रमण नहीं करता है। वह हमेशा खुद को समय देता है। स्थिति चाहे जो भी हो, वह हमेशा स्थिति का आकलन करते हैं और फिर रन बनाने की ओर देखते हैं।”

सलामी बल्लेबाज ने ये भी कहा कि, “मुझे लगता है कि यह सभी आने वाले खिलाड़ियों या उन लोगों के लिए सीखने की अच्छी बात है जो फिनिशर बनना चाहते हैं। यह हमेशा महत्वपूर्ण है कि आप कुछ समय लें और फिर आप बाद में हमेशा इसे कवर कर सकते हैं। वह जानता है कि बल्लेबाजी में कब गेयर चेंज करना है।

वह सही समय पर ट्रिगर दबा देता है। यह उनके लिए एक महत्वपूर्ण पारी थी, क्योंकि यह इंटरनेशनल क्रिकेट में उनकी पहली पारी थी। मुझे लगता है, इससे उन्हें बहुत मदद मिलेगी।” रिंकू ने अपनी पारी में दो चौके और तीन छक्के लगाए और शिवम दुबे (16 रन पर 22*) के साथ पांचवें विकेट के लिए 55 रनों की साझेदारी की।

close whatsapp