ईश सोढ़ी को आउट होने के बाद फिर से बल्लेबाजी करने के लिए नहीं बुलाना चाहिए था: तमीम इकबाल ने लिटन दास के फैसले की जमकर आलोचना की
23 सितंबर को मीरपुर में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को करारी शिकस्त दी।
अद्यतन - Sep 24, 2023 2:01 pm

23 सितंबर को मीरपुर में खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को करारी शिकस्त दी। हालांकि मुकाबले के दौरान बांग्लादेश टीम के युवा तेज गेंदबाज हसन महमूद ने नॉन स्ट्राइकर एंड में ईश सोढ़ी को रनआउट कर दिया था। जब यह फैसला तीसरे अंपायर के पास गया था उन्होंने भी न्यूज़ीलैंड खिलाड़ी को आउट घोषित किया लेकिन बांग्लादेश टीम के कप्तान लिटन दास ने उन्हें वापस बुला लिया।
यह चीज बांग्लादेश के अनुभवी खिलाड़ी तमीम इकबाल को बिल्कुल भी नहीं अच्छी लगी और उन्होंने लिटन दास की जमकर आलोचना की। बता दें, इसके बाद ईश सोढ़ी ने अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बनाए और न्यूजीलैंड का स्कोर 250 के पार करवाया। इसके बाद बांग्लादेश अच्छी बल्लेबाजी करने में नाकाम रही और उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
तमीम इकबाल ने मुकाबले के बाद कहा कि, ‘मुझे इस चीज को लेकर कुछ भी गलत नहीं लगता है। इसके लिए नियम भी है। अगर हम किसी को आउट करते हैं या इस तरीके से आउट हो जाते हैं मुझे नहीं लगता कि लोगों को वैसा रिएक्ट करना चाहिए। मुझे लगता है यह टीम का फैसला होना चाहिए। अगर यह टीम का फैसला है तो हमें इसी तरह से विकेट लेने चाहिए और वैसा ही अगर हमें नहीं करना है तो इसके लिए कोशिश भी नहीं करनी चाहिए। मेरे हिसाब से यह बिल्कुल भी अच्छा नहीं है कि जब बल्लेबाज आउट हो जाए तो उसे वापस बुला ले। या हम उस चीज की कोशिश करें या ना करें।’
ईश सोढ़ी को भी हैरान नहीं होना चाहिए था: तमीम इकबाल
तमीम इकबाल ने आगे कहा कि, ‘ईश सोढ़ी को भी क्रीज नहीं छोड़नी चाहिए थी। और अगर उन्होंने ऐसा कर दिया था तो उन्हें हैरान नहीं होना चाहिए था। हमें जो भी फैसला लेना है उसमें टीम के सभी खिलाड़ियों की मर्जी होनी चाहिए। मैं उनके रिएक्शन से भी काफी हैरान था। यह क्रिकेट का ही एक भाग है।
शायद कप्तान को ऐसा लगा होगा कि हमें विकेट ऐसे नहीं लेना चाहिए और इसीलिए उन्होंने ईश सोढ़ी को वापस बुला लिया। इसमें कुछ भी सही और कुछ भी गलत नहीं है। या तो आप करेंगे या फिर नहीं करेंगे। मुझे लगता है कि हम आने वाले समय में बाकी टीमों से भी इसी खेल की उम्मीद रखेंगे।’