वर्ल्ड कप 2023: क्या टीम इंडिया में होंगे बदलाव? हेड कोच राहुल द्रविड़ ने दिए संकेत!
एशिया कप 2023 के दौरान चोटिल हो गए थे अक्षर पटेल।
अद्यतन - सितम्बर 28, 2023 3:38 अपराह्न

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज को 2-1 से अपने नाम करने के बाद भारतीय टीम अब जोर-शोर से वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही है। वर्ल्ड कप के शुरू होने से ठीक पहले कई मीडिया मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि मेगा टूर्नामेंट के लिए भारत की टीम में कुछ बदलाव हो सकते हैं। ऑफ स्पिनर आर अश्विन (Ashwin) को वर्ल्ड कप टीम में शामिल किया जा सकता है।
लेकिन टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने इन सभी अफवाहों पर विराम लगाते हुए कहा है कि 2023 वनडे विश्व कप के लिए चुनी गई 15 सदस्यीय टीम में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर स्क्वॉड में कुछ बदलाव किया जाता है तो इसे आधिकारिक तौर पर सूचित किया जाएगा।
गौरतलब है कि, ऑल-राउंडर अक्षर पटेल की फिटनेस को लेकर अभी भी टीम इंडिया को किसी तरह की अपडेट नहीं मिली है। अक्षर पटेल को बांग्लादेश के खिलाफ एशिया कप सुपर 4 मैच के दौरान बाएं क्वाड्रिसेप्स में खिंचाव आ गया था। वह टूर्नामेंट के फाइनल के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज से बाहर हो गए थे। इसके बाद से ये कयास लगाए जा रहे हैं कि अक्षर पटेल के बाहर होने पर अश्विन को टीम में जगह मिल सकती है।
वर्ल्ड कप की टीम में अभी तक कोई बदलाव नहीं किया गया है- राहुल द्रविड़
वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल द्रविड़ से जब ये सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि, अभी तक इसको लेकर कोई फैसला नहीं किया गया है। हमें अधिकारिक ऐलान का इंतजार करना होगा। NCA अजित अगरकर और सेलेक्टर्स के साथ संपर्क में है। इसलिए मैं इस पर कोई कमेंट नहीं करुंगा। अगर कोई बदलाव होता है तो फिर उस बारे में बता दिया जाएगा। अभी के लिए टीम में कोई बदलाव नहीं है।
आपको बता दें कि, रविचंद्रन अश्विन को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था और दूसके वनडे मैच में उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी भी की थी। वहीं दूसरी तरफ वॉशिंगटन सुंदर को भी ऑस्ट्रेलिया सीरीज के दौरान खेलने का मौका मिला। उन्हें तीसरे वनडे मैच में खिलाया गया और उनसे ओपन भी कराया गया।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान टीम ने थकान होते हुए भी किया अभ्यास