Rachin Ravindra ने दिलाई मुझे युवा Yuvraj Singh की याद, पूर्व भारतीय कप्तान का बड़ा बयान
भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने न्यूजीलैंड की युवा बल्लेबाज रचिन रवींद्र की जमकर तारीफ की है।
अद्यतन - Oct 6, 2023 2:54 pm

भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने न्यूजीलैंड की युवा बल्लेबाज रचिन रवींद्र की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि वह बल्लेबाजी करते समय काफी हद तक युवराज सिंह की तरह दिखते हैं। रवींद्र ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले वर्ल्ड कप मैच में 96 गेंदों में 123 रनों की शानदार पारी खेली। इसी पारी के बदौलत कीवी टीम ने 5 अक्टूबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नौ विकेट से आसान जीत हासिल की।
रचिन रवींद्र के प्रदर्शन से अनिल कुंबले काफी प्रभावित हुए। कुंबले ने क्रिकइंफो से बातचीत में कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ रवींद्र की पारी विशेष रही। कुंबले ने दावा किया कि न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर ने उन्हें युवा युवराज सिंह की याद दिलाई जो कि अपनी लय में इसी तरह की शानदार बल्लेबाजी करते थे।
ईएसपीएन क्रिकइंफो के हवाले से अनिल कुंबले ने कहा कि, “हमने पाकिस्तान के खिलाफ अभ्यास मैच में ही जान लिया था कि रचिन रवींद्र क्या कर सकते हैं। मगर यह पारी विशेष थी क्योंकि वर्ल्ड कप में डेब्यू किया और गत चैंपियंस के खिलाफ शानदार पारी खेली। मुझे रचिन रवींद्र को बल्लेबाजी करते देखकर मजा आया। वो थोड़ युवराज सिंह जैसे लगे। युवा युवराज सिंह जब अपनी लय में रहते थे। बहुत ही शानदार पारी।
रचिन रवींद्र ने इस मैच में शतक लगाकर कुछ रिकार्ड्स अपने नाम किए। वो उन चुनिंदा खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हुए, जिन्होंने वर्ल्ड कप डेब्यू में शतक जमाया। इससे पहले, रवींद्र ने पाकिस्तान के खिलाफ अभ्यास मैच में ओपनिंग की थी और तब उन्होंने 97 रन बनाए थे।
आपको बता दें कि वर्ल्ड कप 2023 के पहले मैच में इंग्लैंड ने पहले खेलते हुए निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 282 रन बनाया, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड ने 37वें ओवर में ही इस टार्गेट को सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। रचिन रविंद्र ने 96 गेंद पर 11 चौके और 5 छक्के की मदद से 123 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम को एकतरफा जीत दिला दी।
आगे भी पढ़े :वर्ल्ड कप 2023, दूसरा मैचः नीदरलैंड्स ने जीता टॉस, जानें दोनों टीमों की प्लेइंग 11