‘मुझे नहीं लगता है कि इस बात में कोई सच्चाई है लेकिन…’- विराट-रोहित को लेकर बोले टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर
हाल के दिनों में वनडे फॉर्मेट में विराट और रोहित शर्मा का प्रदर्शन रहा है शानदार।
अद्यतन - Oct 8, 2023 4:01 pm

टीम इंडिया इस वक्त ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड कप 2023 का अपना पहला मैच खेल रही है। चूंकि यह वर्ल्ड कप इस बार भारत में खेला जा रहा है इस वजह से टीम इंडिया पर खिताब जीतने का दबाव काफी ज्यादा है। सभी क्रिकेट पंडित और फैंस का मानना है कि अगर टीम इंडिया को इस वर्ल्ड कप में अच्छा प्रदर्शन करना है तो इसके लिए रोहित शर्मा और विराट कोहली का प्रदर्शन काफी अहम होगा।
हालांकि कभी-कभी कप्तान रोहित शर्मा और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) को लेकर अक्सर कहा जाता है कि ये दोनों टीम की कमजोर कड़ी भी हैं। ये दोनों ही बल्लेबाज लेफ्ट ऑर्म पेसर्स के खिलाफ संघर्ष करते हुए नजर आते हैं। हालांकि पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा का मानना है कि इस बात में कोई सच्चाई नहीं है। उनके मुताबिक ये एक ट्रेंड बना दिया गया है कि ये दोनों बल्लेबाज लेफ्ट ऑर्म पेसर्स के खिलाफ नहीं खेल सकते।
रोहित और विराट को लेकर रॉबिन उथप्पा ने दिया बड़ा बयान
रॉबिन उथप्पा के मुताबिक ये देखने वाली बात होगी कि ये खिलाड़ी मिचेल स्टार्क का सामना कैसे करते हैं। उन्होंने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेफ्ट ऑर्म फास्ट बॉलर्स के खिलाफ काफी कमजोर माना जाता है। मुझे नहीं लगता है कि इस बात में कोई सच्चाई है लेकिन ये एक ट्रेंड जरूर है। इसलिए ऑस्ट्रेलिया मैच में मिचेल स्टार्क के खिलाफ इनका मैच-अप देखने लायक होगा।”
आपको बता दें कि, चैंपियंस ट्रॉफी 2017 के फाइनल के दौरान पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने रोहित शर्मा और विराट कोहली को पवेलियन की राह दिखाई थी। इसके बाद 2021 के टी20 वर्ल्ड कप और एशिया कप में शाहीन शाह अफरीदी ने इन दोनों को काफी परेशान किया। वहीं 2019 के वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में ट्रेंट बोल्ट ने इन दोनों बल्लेबाजों को खूब परेशान किया था।
वहीं अगर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहे मैच की बात करें तो यहां ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया ने 26 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 102 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया की तरफ से एक जसप्रीत बुमराह को मिली। उन्होंने मिचेल मार्श को डक पर पवेलियन भेजा। वहीं दूसरा विकेट कुलदीप यादव ने लिया, उन्होंने डेविड वॉर्नर को आउट किया।
यह भी पढ़ें: एक बार फिर कुलदीप यादव की फिरकी में फंसे वॉर्नर