World Cup 2023: फिर से कुलदीप यादव की फिरकी में फंसे डेविड वॉर्नर, ODI में तीसरी बार बनाया अपना शिकार
भारत के खिलाफ मैच में 41 रन बनाकर आउट हुए डेविड वॉर्नर।
अद्यतन - Oct 8, 2023 3:52 pm

वर्ल्ड कप 2023 का पांचवां मैच इस वक्त भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। यह भारत और ऑस्ट्रेलिया के लिए इस टूर्नामेंट का पहला मैच है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया जो अभी तक सही साबित होता हुआ नहीं दिखा है।
ऑस्ट्रेलिया को सबसे पहला झटका मिचेल मार्श के रूप में लगा जो बिना खाता खोले जसप्रीत बुमराह का शिकार बने। वहीं अब भारत को दूसरी सफलता कुलदीप यादव ने दिलाई है। उन्होंने डेविड वार्नर को पवेलियन भेजा। वॉर्नर जो इस मैच में अभी तक अच्छी लय में नजर आ रहे थे वो अर्धशतक पूरा करने से चूक गए और 41 रन बनाकर आउट हुए।
आपको बता दें कि कुलदीप ने वॉर्नर को अपने ही गेंद पर कैच आउट करवाया। आपको बता दें कि दूसरे विकेट के लिए स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर के बीच 69 रनों की साझेदारी हो चुकी थी और दोनों ही बल्लेबाज क्रीज पर सेट हो चुके थे ऐसे में टीम इंडिया के लिए यहां विकेट लेना काफी जरुरी था और कुछ वैसा ही काम उनके लिए कुलदीप यादव ने किया।
यहां देखिए डेविड वॉर्नर के विकेट का वो वीडियो
https://twitter.com/trollpakistanii/status/1710957257834566115
वहीं अगर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चल रहे मैच की बात करें तो खबर लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया ने 23 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 93 रन बना लिए हैं। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से इस वक्त स्टीव स्मिथ (40) और मार्नस लाबुशेन (12) बल्लेबाजी कर रहे हैं।
IND vs AUS: यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग 11-
भारत (India): रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह
ऑस्ट्रेलिया (Australia): मिचेल मार्श, डेविड वार्नर, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, कैमरून ग्रीन, ग्लेन मैक्सवेल, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), जोश हेजलवुड, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, एडम जाम्पा
यह भी पढ़ें: पढ़िए आज शाम तक की सभी ताजा क्रिकेट खबरें क्रिकेट जगत से