एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में Gill ने अपनी विस्फोटक पारी से जीता सभी फैंस का दिल
शुभमन गिल ने अपनी टीम को आक्रामक शुरूआत दी और कप्तान रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए मात्र 11.5 ओवर्स में 100 रनों की साझेदारी की।
अद्यतन - Nov 12, 2023 3:18 pm

इस समय वनडे वर्ल्ड कप 2023 का 45वां मुकाबला भारत और नीदरलैंड के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। भारत ने नीदरलैंड के खिलाफ काफी धमाकेदार शुरुआत की है। हालांकि भारतीय टीम को पहला झटका 100 रन पर लगा।
टीम के युवा बल्लेबाज शुभमन गिल अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण अर्धशतकीय पारी खेलने के बाद आउट हो गए। उनका विकेट पॉल वैन मीकरेन ने झटका। बता दें, शुभमन गिल ने अपनी टीम को आक्रामक शुरूआत दी और कप्तान रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए मात्र 11.5 ओवर्स में 100 रनों की साझेदारी की। हालांकि जैसे ही उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया वैसे ही भारतीय बल्लेबाज को अपना विकेट गंवाना पड़ा। गिल ने नीदरलैंड के खिलाफ खेले जा रहे इस मैच में 32 गेंदों में तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 51 रनों की विस्फोटक पारी खेली।
पॉल वैन मीकरेन की छोटी गेंद पर शुभमन गिल ने ज्यादा ताकत से शॉट नहीं खेला और यही वजह थी कि नीदरलैंड के फील्डर Teja Nidamanuru ने काफी अच्छे समय पर कूदकर बाउंड्री लाइन के पास इस कैच को पूरा किया। गिल नीदरलैंड के खिलाफ काफी अच्छे लय में नजर आ रहे थे लेकिन वो इस मुकाबले में भी शतक नहीं जड़ पाए।
बड़े स्कोर की ओर बढ़ती हुई भारतीय टीम
भारतीय टीम ने अभी तक इस मैच में काफी अच्छी बल्लेबाजी की है और ऐसा कहा जा सकता है कि वो नीदरलैंड के खिलाफ बड़ा स्कोर बना सकती है। हालांकि अभी कुछ भी कहना सही नहीं होगा। नीदरलैंड की बात की जाए तो उन्होंने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 में ही दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश को करारी शिकस्त दी है। भारत नीदरलैंड को हल्के में बिल्कुल भी नहीं देना चाहेगा।
टूर्नामेंट की बात की जाए तो भारत सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुका है और अब उन्हें इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच खेलना है। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में 15 नवंबर को खेला जाएगा। टीम के सभी बल्लेबाज और गेंदबाज काफी अच्छे फॉर्म में है और तमाम भारतीय फैंस यही दुआ कर रहे होंगे कि भारत सेमीफाइनल और फिर फाइनल में अच्छा प्रदर्शन करें और इस बार यह ट्रॉफी अपने नाम करें।