Sachin Tendulkar Post For Sarfaraz Khan

“पहला टेस्ट शतक बनाने का क्या अवसर था”- रचिन और सरफराज के लिए सचिन तेंदुलकर ने शेयर किया दिल छू लेने वाला पोस्ट

न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट में सरफराज खान के बल्ले से निकला शानदार शतक।

Rachin Ravindra & Sarfaraz Khan (Photo Source: X)
Rachin Ravindra & Sarfaraz Khan (Photo Source: X)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस टेस्ट मैच में टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज सरफराज खान ने शानदार शतक लगाया। इस शतकीय पारी के साथ ही सरफराज अब टीम इंडिया के नए संकटमोचक बन गए हैं। सरफराज खान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ उस समय अपना पहला टेस्ट शतक जड़ा, जब टीम को इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।

‘क्रिकेट के भगवान’ सचिन तेंदुलकर ने भी उनके इस शतकीय पारी की सराहना की। बैंगलोर में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच की पहली पारी में 0 पर आउट होने वाले सरफराज ने दूसरी पारी में शतक जड़ भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है। उनकी इस पारी के दम पर ही टीम इंडिया न्यूजीलैंड पर लीड हासिल करने के करीब है।

रचिन रवींद्र और सरफराज खान के लिए सचिन तेंदुलकर ने शेयर किया ये खास पोस्ट

सरफराज खान के शतक पर सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सरफराज खान, यह आपके लिए पहला टेस्ट शतक बनाने का क्या अवसर था, जब भारत को इसकी सबसे अधिक जरूरत थी!” सचिन ने सरफराज के अलावा न्यूजीलैंड के शतकवीर रचिन रविंद्र की भी जमकर तारीफ की।

सचिन तेंदुलकर ने रचिन रविंद्र के लिए लिखा, “क्रिकेट हमें अपनी जड़ों से जोड़ता है। रचिन रविंद्र का बैंगलोर से एक खास जुड़ाव है, जहां से उनका परिवार आता है! उनके नाम एक और शतक।” मास्टर ब्लास्टर ने अंत में लिखा, “इन दोनों प्रतिभाशाली युवाओं के लिए आने वाला समय रोमांचक है।”

मुकाबले की बात करें तो चौथे दिन का खेल बारिश की वजह से रुकने से पहले सरफराज खान और ऋषभ पंत ने शानदार बल्लेबाजी कर भारत की मैच में वापसी कराई है। सरफराज खान ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जड़ा, वहीं ऋषभ पंत 12वां टेस्ट अर्धशतक जड़ क्रीज पर मौजूद हैं।

दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी हो गई है। सरफराज 125 रन तो पंत 53 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। भारत अब न्यूजीलैंड से 12 रन पीछे है और हाथ में 7 विकेट है। टीम इंडिया जो एक समय इस टेस्ट मैच में बहुत पीछे नजर आ रही थी, वो अब यहां से किस तरह से वापसी करती है ये देखने वाली बात होगी।

close whatsapp