“कोई नहीं जानता कि वो टीम में क्यों नहीं हैं, यह एक अलग ही कहानी है”- ईशान किशन को लेकर बोले आकाश चोपड़ा
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से अपना नाम वापस ले लिया था ईशान किशन ने।
अद्यतन - Jan 8, 2024 1:42 pm

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि संजू सैमसन और जितेश शर्मा को अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारत की टीम में ईशान किशन से पहले इसलिए चुना गया है क्योंकि वे मिडिल ऑर्डर में विकेटकीपर-बल्लेबाज के रूप में खेल सकते हैं।
मोहाली गुरुवार (11 जनवरी) को मेन इन ब्लू और अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच की मेजबानी करेगा, जबकि अन्य मैच इंदौर और बेंगलुरु में खेले जाएंगे। सेलेक्टर्स ने रविवार को सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम चुनी, जिसमें सैमसन और जितेश को विकेटकीपिंग विकल्प के रूप में चुना गया।
कोई नहीं जानता कि ईशान किशन क्यों नहीं हैं- आकाश चोपड़ा
अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए एक वीडियो में, चोपड़ा ने कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज विकल्प के रूप में किशन की जगह सैमसन को चुना गया इसको लेकर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। उन्होंने विस्तार से बताया कि, “जितेश शर्मा और संजू सैमसन दो विकेटकीपर हैं, हालांकि पिछली दो सीरीज में सैमसन को कीपर के तौर पर नहीं रखा गया था। ईशान किशन कीपर के तौर पर जा रहे थे लेकिन अब वह नहीं हैं। कोई नहीं जानता कि ईशान किशन क्यों नहीं हैं। यह एक अलग कहानी है।”
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा कि टॉप ऑर्डर में खाली स्थानों की कमी के कारण चयनकर्ताओं को सैमसन और जितेश को चुनने के लिए मजबूर होना पड़ा होगा। उन्होंने कहा कि, “आपने अचानक ओपनिंग स्लॉट भर दिया है। विराट कोहली नंबर 3 पर खेलते हैं, वह नंबर 4 पर नहीं खेलते हैं। इसलिए कीपर को निचले क्रम में बल्लेबाजी करनी होगी। आपके पास केवल दो कीपिंग विकल्प हैं जो निचले क्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं , एक हैं जितेश शर्मा और दूसरे हैं संजू सैमसन।”
गौरतलब है कि, ईशान किशन निजी कारणों से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हालिया टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए थे। इस बारे में कोई स्पष्टता नहीं है कि क्या उन्हें अफगानिस्तान T20I सीरीज के लिए नजरअंदाज कर दिया गया है या वह अभी भी चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: केएल राहुल से क्या परेशानी हो गई अब BCCI को?