WTC 2023 Final: “ICC इवेंट्स से बेहतर तो IPL…”- शुभमन गिल के विवादित विकेट को लेकर तीसरे अंपायर पर फूटा रोहित शर्मा का गुस्सा
शुभमन गिल ने WTC फाइनल में अपनी दो परियों में 13 और 18 रन बनाए।
अद्यतन - Jun 12, 2023 10:51 am

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2023 फाइनल के चौथे दिन शुभमन गिल का विवादित विकेट इस समय क्रिकेट बिरदारी के बीच चर्चा का गर्म मुद्दा बना हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ WTC 2023 फाइनल हारने के बाद टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने तीसरे अंपायर के फैसले पर निराशा जताई है।
रोहित शर्मा ने कहा कि तीसरे अंपायर को फैसला लेने से पहले और अधिक कैमरा एंगल से जांच करनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी कहा कि आईसीसी इवेंट में अधिक कैमरा एंगल होने चाहिए, क्योंकि WTC फाइनल के लिए आईपीएल की तुलना में कम कैमरे उपलब्ध थे।
मुझे तीसरे अंपायर के फैसले से बहुत निराशा हुई: रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने पोस्ट-मैच प्रेस कांफ्रेंस में कहा: “मुझे तीसरे अंपायर के फैसले से बहुत निराशा हुई। मुझे लगता है कि तीसरे अंपायर को थोड़ा और रिप्ले देखना चाहिए था कि कैसे कैच लिया जा रहा है, उसके बाद कोई भी निर्णय लेना था। उन्होंने निर्णय लेने में जल्दबाजी की, और मुझे लगता है कि वह तीन या चार बार देखने के बाद विकेट के लिए आश्वस्त थे। यह इस बारे में नहीं है कि गिल को आउट दिया गया, बल्कि चीजों के बारे में सही और स्पष्ट जानकारी होने के बारे में हैं।
जब इस तरह का कैच लिया जाता है, तो आपको 100% से अधिक श्योर होने की आवश्यकता होती है। यह एक फाइनल मुकाबला था, और हम मैच के बेहद अहम पड़ाव पर थे। मुझे लगता है कि अधिक कैमरा एंगल दिखाए जाने चाहिए थे। केवल 1 या 2 कैमरा एंगल दिखाए गए थे। हमें आईपीएल में 10 अलग-अलग एंगल मिलते हैं। मुझे नहीं पता इतने बड़े आईसीसी इवेंट में कोई अल्ट्रा मोशन क्यों नहीं देखा गया या किसी भी तरह की जूम इमेज क्यों नहीं देखी गई। मैं इस चीज से बहुत निराश हुआ हूं।”
भारतीय कप्तान ने WTC फाइनल में टीम इंडिया की लगातार दूसरी हार पर कहा कि इतने बड़े मंच पर दो फाइनल खेलना भी एक बड़ी उपलब्धि है।