भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर सकलैन मुश्ताक ने दिया बड़ा बयान, सबक सिखाने की कही बात
भारत और पाकिस्तान के बीच 23 फरवरी को खेला जाएगा महामुकाबला।
अद्यतन - Feb 19, 2025 3:41 pm

Champions Trophy 2025 : चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज हो चुका है। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच पहला मुकाबला खेला जा रहा है। टीम इंडिया अपना पहला मैच बांग्लादेश के खिलाफ 20 फरवरी को खेलेगी लेकिन फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच का इंतजार है। किसी भी आईसीसी टूर्नामेंट में फैंस सिर्फ और सिर्फ भारत और पाकिस्तान के मुकाबले का इंतजार करते हैं। इस मैच को लेकर उत्साह इतना रहता है कि कई बार पूर्व क्रिकेटर भी अजीबोगरीब बयान दे देते हैं। इसी कड़ी में पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज सकलैन मुश्ताक ने भी बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
भारत-पाकिस्तान मैच से पहले सकलैन मुश्ताक ने दिया बड़ा बयान
सकलैन मुश्ताक ने कहा है कि पाकिस्तान को इस बार चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम को सबक सिखाना चाहिए। एक पाकिस्तानी टीवी चैनल पर बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, अभी न्यूजीलैंड और इंडिया के बीच सीरीज हुई जिसमें न्यूजीलैंड ने भारत को 3-0 से बुरी तरह हरा दिया था। मैं न्यूजीलैंड का स्पिन गेंदबाजी कोच था। मुझे इंडिया ने वीजे के लिए 4 घंटे लाइन में खड़ा कर दिया था। मुझे काफी शर्मिंदगी महसूस हो रही थी और काफी दुख भी हो रहा था। भारत के नाज-नखरे ही नहीं खत्म होते हैं।
हम अभी भी इनकी मिन्नतें कर रहे हैं। पाकिस्तान का हर बच्चा इनको देखना चाहता है। हमारे बच्चे चाहते हैं कि विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह यहां पर खेलने के लिए आएं। पर इनके नखरे ही नहीं खत्म हो रहे हैं। पता नहीं ये कौन सी दुनिया में रह रहे हैं। इन्हें कब सुधरना है और कब इनका माइंडसेट चेंज होगा। ये लोग कब बुद्धिमानी का काम करेंगे और दिलों को खोलेंगे। टाई लगाकर और अग्रेंजी बोलकर आप अपने आपको सभ्य नहीं बता सकते हैं। इनको सबक सिखाना चाहिए जिस तरह का इनका एट्टीट्यूड है।
भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर फैंस रहते हैं काफी उत्साहित
चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 23 फरवरी को खेला जाएगा। इस मैच के लिए दोनों टीमें जमकर मेहनत कर रही हैं। इस मुकाबले को फैंस किसी आईसीसी टूर्नामेंट से भी बढ़कर मानते हैं। ऐसे में भारत पाकिस्तान का मैच हमेशा ही प्लेयर्स पर काफी दबाव लेकर आता है।