IND vs ENG: मेजबान और जीत के बीच दीवार बनकर खड़े हो गए हैं ओली पोप, जड़ा अपनी टीम के लिए बहुमूल्य शतक
ओली पोप ने भारत के खिलाफ खेले जा रहे इस मुकाबले में अपना शतक 151 गेंदों में पूरा किया।
अद्यतन - Jan 27, 2024 3:57 pm

इस समय भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में इंग्लैंड की ओर से दूसरी पारी में युवा बल्लेबाज ओली पोप ने जबरदस्त बल्लेबाजी की और अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण शतक जड़ा।
बता दें, ओली पोप ने भारत के खिलाफ खेले जा रहे इस मुकाबले में अपना शतक 151 गेंदों में पूरा किया। जहां एक तरफ बाकी इंग्लिश बल्लेबाजों को हैदराबाद में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है वहीं दूसरी ओर ओली पोप का यह शतक बहुत ही महत्वपूर्ण समय पर आया है। भारत के खिलाफ खेले जा रहे इस मुकाबले की पहली पारी में ओली पोप मात्र 1 रन बनाकर आउट हो गए थे।
ओली पोप ने शतक जड़ने तक 10 चौके लगा दिए हैं। तमाम लोगों ने इस युवा बल्लेबाज की बल्लेबाजी की जमकर प्रशंसा की। एक समय ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड इस मैच को एक पारी से हार जाएगा लेकिन पोप के शतक की बदौलत अब इंग्लिश टीम काफी अच्छी स्थिति में नजर आ रही है।
ओली पोप का महत्वपूर्ण शतक
बता दें, इस मैच में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 246 रन बनाए थे। टीम की ओर से कप्तान बेन स्टोक्स ने 88 गेंद में छह चौके और तीन छक्कों की मदद से 70 रनों की बहुमूल्य पारी खेली थी जबकि जो रूट ने 29 रनों का योगदान दिया था। बेन डकेट ने 35 रन बनाए थे।
जवाब में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में सभी विकेट खोकर 436 रन बनाए। मेजबान की ओर से अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल ने 86 रनों की बेहतरीन पारी खेली जबकि रवींद्र जडेजा ने 87 रन बनाए। युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 80 रनों का योगदान दिया। अक्षर पटेल ने 44 रनों की पारी खेली। अब देखना यह है कि इंग्लैंड कितने रनों का टारगेट भारतीय टीम को देता है?