IPL के आगामी सीजन से पहले MS Dhoni रांची के देवरी मंदिर पहुंचे, की विशेष पूजा-अर्चना
आज धोनी की बेटी जीवा का जन्मदिन भी है।
अद्यतन - Feb 6, 2024 4:33 pm

पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) आज 6 फरवरी को रांची के देवरी मां मंदिर दर्शन करने पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इस दौरान एमएस धोनी (MS Dhoni) को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। फैन्स ने उनके साथ सेल्फी भी ली। इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया।
बता दें कि माना जा रहा है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी संस्करण में आखिरी बार खेलते हुए दिखाई देंगे। इस कारण से वह टूर्नामेंट से पहले देरवी माता का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। आपको बता दें कि आज धोनी की बेटी जीवा का जन्मदिन भी है।
यहां देखें वीडियो-
— Dhoni (@Mahi82552044) February 6, 2024
MS Dhoni ने सीएसके को दिलाया पांचवी बार खिताब
धोनी ने सीएसके को 2023 में पांचवी बार आईपीएल खिताब दिलाया। उनके नेतृत्व में फाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स ने गत चैंपियन गुजरात टाइटंस को हराया। पूरे सीजन के दौरान कैप्टन कूल घुटने की चोट से जूझते हुए नजर आए थे। इसके बावजूद उन्होंने एक भी मुकाबला मिस नहीं किया।
गौरतलब है कि 2023 सीजन में धोनी का बल्ले से प्रदर्शन औसत रहा। उन्होंने 12 पारियों में 182.45 के स्ट्राइक रेट से तीन चौकों और दस गगनचुंबी छक्कों की मदद से 104 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने सीजन में तीसरे सबसे अधिक शिकार (10) किये। जिसमें सात कैच और तीन स्टंपिंग शामिल रहे।
आपको बता दें कि एमएस धोनी आईपीएल इतिहास में सर्वकालिक रन स्कोरर की सूची में सातवें स्थान पर हैं। उनके नाम 218 पारियों में 38.79 की औसत और 135.91 के स्ट्राइक रेट के साथ 5082 रन हैं, जिसमें 24 अर्धशतक शामिल है।
वहीं टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में भी धोनी का नाम चौथे स्थान पर है। उन्होंने 239 छक्के लगाए हैं। 2023 सीजन में कई बार धोनी को इस सवाल का सामना करना पड़ा कि क्या यह उनका आखिरी सीजन है। हालांकि, अंत में उन्होंने कहा कि वह आगामी सीजन में भी नजर आएंगे।