सीरीज में नहीं खेल रहे विराट कोहली, फिर भी पूर्व इंग्लिश क्रिकेटर को लग रहा डर!
तीसरा टेस्ट मैच 15 फरवरी यानी कल से राजकोट में खेला जाना है।
अद्यतन - फरवरी 14, 2024 3:30 अपराह्न

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने मौजूदा भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना नाम वापस ले लिया है। स्टार बल्लेबाज पहले टेस्ट से पहले हैदराबाद में टीम के साथ जुड़े, लेकिन चीजें बदलीं और उन्होंने घर लौटने का निर्णय किया। बीसीसीआई ने भी उनके फैसले का सम्मान किया।
शुरुआती दो टेस्ट मैंचों में भारतीय टीम को उनकी कमी खली। हैदराबाद टेस्ट के पहली पारी को छोड़कर भारत का मीडिल ऑर्डर अब तक संघर्ष करते हुए नजर आया है। तीसरे टेस्ट में भी मेजबान टीम के लिए यह एक कमजोर कड़ी साबित हो सकती है।
भारतीय टीम को कोहली की कमी महसूस नहीं होगी- डेविड लॉयड
हालांकि, इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर डेविड लॉयड को भारतीय बल्लेबाजी पर भरोसा है। उनका मानना है कि टीम इंडिया को कोहली (Virat Kohli) की कमी नहीं महसूस होगी, क्योंकि युवा खिलाड़ी इन मौकों पर उभर कर सामने आए हैं। उन्होंने यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल की सराहना की।
लॉयड ने डेली मेली में लिखा, पूरे भारत में इस खबर की चर्चा है कि विराट कोहली सीरीज में नहीं खेलेंगे। लेकिन मुझे नहीं लगता कि टीम इससे कमजोर होगी।
उन्होंने आगे कहा, शुभमन गिल ने दूसरे टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन किया और भारतीय बल्लेबाज बड़े स्कोर बनाने में सक्षम हैं। इंग्लैंड को अब तक सबसे अधिक चुनौती यशस्वी जायसवाल से मिली है। इसलिए उनकी चुनौती सीरीज के प्रमुख रन स्कोरर को आउट करने की योजना पर काम करने की है।
बता दें कि तीसरा टेस्ट मैच 15 फरवरी यानी कल से राजकोट में खेला जाना है। रिपोर्ट्स की मानें तो सरफराज खान तीसरे टेस्ट में डेब्यू कर सकते हैं। घरेलू क्रिकेट में बार-बार खुद को साबित करने के बाद सरफराज को मौका मिलने की पूरी संभावना है। वहीं ध्रुव जुरेल प्लेइंग इलेवन में केएस भरत की जगह शामिल हो सकते हैं।