IND vs ENG 2024: राजकोट टेस्ट मैच होगा बेन स्टोक्स का 100वां मैच, जाने उनके द्वारा टेस्ट क्रिकेट में किए गए 5 सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बारे में - क्रिकट्रैकर हिंदी

IND vs ENG 2024: राजकोट टेस्ट मैच होगा बेन स्टोक्स का 100वां मैच, जाने उनके द्वारा टेस्ट क्रिकेट में किए गए 5 सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के बारे में

विश्व के बेहतरीन ऑलराउंडरों में से एक रहे हैं स्टोक्स

Ben Stokes (Image Credit- Twitter X)
Ben Stokes (Image Credit- Twitter X)

बेन स्टोक्स की अगुवाई में इंग्लैंड क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच, 15 फरवरी से राजकोट स्थित सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन में खेलने जा रही है। बता दें कि यह मैच स्टोक्स के लिए बहुत ही ज्यादा खास होने वाला है।

इस मैच को खेलते ही स्टोक्स टेस्ट क्रिकेट में 100 मैच खेलने के आंकड़े को पूरा कर लेंगे। तो वहीं हाल के दिनों में उनकी कप्तानी में जिस तरह का आक्रामक क्रिकेट खेलना इंग्लैंड ने शुरू किया है, उसे दुनिया बैजबाॅल के नाम से जानती है। आइए इस आर्टिकल में जानते हैं उनके द्वारा टेस्ट क्रिकेट में खेली गई पांच बेस्ट पारियां

1. 135 बनाम ऑस्ट्रेलिया 2019

बता दें कि स्टोक्स ने साल 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लीड्स में 135 रनों की नाबाद बेहतरीन पारी खेली थी। इस मैच में इंग्लैंड ने स्टोक्स की इस शानदार पारी की बदौलत ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। तो वहीं स्टोक्स ने इस दौरान कुल 19 बाउंड्री मारी थी।

2. 258 बनाम साउथ अफ्रीका 2016

साल 2016 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन में हुए एक मैच में बेन स्टोक्स ने 258 रनों की शानदार पारी खेली थी। इसके अलावा मैच में उन्होंने विकेटकीर जाॅनी बेयरस्टो के साथ छठे विकेट के लिए रिकाॅर्ड 399 रनों की साझेदारी भी की थी, जो टेस्ट क्रिकेट में इस विकेट के लिए की गई, सबसे अधिक रनों की साझेदारी है। स्टोक्स का यह टेस्ट क्रिकेट में बेस्ट स्कोर है।

3. 176 बनाम वेस्टइंडीज 2020

साल 2020 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मैनचेस्टर में हुए एक मैच में इंग्लैंड 81 रनों पर तीन विकेट गंवा चुकी थी, लेकिन इसके बाद स्टोक्स ने पारी को संभालते हुए 176 रनों की शानदार पारी खेली थी। तो वहीं स्टोक्स के इस जबर प्रदर्शन की बदौलत मैच में इंग्लैंड ने 113 रनों से जीत हासिल की थी।

4. 155 बनाम ऑस्ट्रेलिया 2023

साल 2023 में एशेज सीरीज के दौरान दूसरे टेस्ट मैच में बेन स्टोक्स ने लाॅर्ड्स के मैदान पर 155 रनों की पारी खेली थी। बता दें कि 371 रनों का पीछा करते हुए स्टोक्स ने अपनी पारी के दौरान 9 चौके और 9 छक्के लगाए थे। हालांकि, इस शानदार पारी के बाद भी इंग्लैंड को मैच में 43 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।

5. 6/22 बनाम वेस्टइंडीज 2017

साल 2017 में लाॅर्ड्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ एक मैच की पहली पारी में शानदार गेंदबाजी करते हुए स्टोक्स ने 6 विकेट हासिल किए थे। स्टोक्स की इस घातक गेंदबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज पहली पारी में मात्र 123 रनों पर सिमट गई थी। साथ ही बता दें कि यह स्टोक्स का खबर लिखे जाने तक टेस्ट क्रिकेट में स्टोक्स का गेंदबाजी में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

close whatsapp