WPL 2024: ‘उनके आने से बहुत सारी हिटिंग पावर’ मुंबई के खिलाफ मैच से पहले मेग लैनिंग ने Annabel Sutherland को लेकर दिया बड़ा बयान
WPL 2024 के पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स मुंबई इंडियंस का सामना करने वाली है।
अद्यतन - Feb 21, 2024 7:32 pm

महिला प्रीमियर लीग (WPL) का दूसरा सीजन बहुत ही जल्द शुरू होने वाला है। बता दें कि टूर्नामेंट का पहला मैच 23 फरवरी को गत चैंपियन मुंबई इंडियंस और उपविजेता दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। गौरतलब है कि टूर्नामेंट के पहले सीजन में दिल्ली ने सबसे पहले फाइनल में जगह बनाई थी।
हालांकि, फाइनल मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। दूसरी ओर, अब आगामी टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले टीम की कप्तान मेग लैनिंग ने टीम में पहली बार शामिल हुई ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड को लेकर बड़ा बयान दिया है।
गौरतलब है कि सदरलैंड को पिछले साल 9 दिसंबर को हुए ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि देकर अपनी टीम में शामिल किया था। तो वहीं हाल में ही सदरलैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए महिला क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक भी लगाया था।
एनाबेल सदरलैंड के आने से दिल्ली कैपिटल्स की टीम काफी मजूबत हुई है- मेग लैनिंग
बता दें कि महिला प्रीमियर लीग के दूसरे सीजन से पहले मेग लैनिंग ने एनाबेल सदरलैंड को लेकर जियो सिनेमा पर कहा- वह टीम के साथ हाॅट फाॅर्म के साथ आ रही है। मैंने उसके साथ काफी क्रिकेट खेला है, उसका टीम में आना एक बेहतरीन संयोजन है।
वह गेंद और बल्ले के साथ प्रदर्शन कर सकती है। पिछले 12 महीनों में वह मैदान के अंदर और बाहर काफी परिपक्व हो गई हैं। टीम में उसके आने से काफी गहराई के साथ बहुत सारी हिटिंग पावर भी बढ़ गई है।
लैनिंग ने आगे कहा- टीम के लिए पिछले साल जैसा प्रदर्शन करना मेरे लिए अच्छा होगा। लेकिन मेरी पहली पसंद दिल्ली को टूर्नामेंट जिताना होगी। इसके लिए जाहिर तौर पर मुझे रन बनाने की जरूरत होगी। फिलहाल यह एक प्लान है। मैंने भारत में खेलने का हमेशा आनंद लिया है, लेकिन यह कठिन होता है। लेकिन हमारे पास कुछ अच्छे गेंदबाज भी हैं।