WPL 2024: बेंगलुरु में Alice-Jemimah की तूफानी बल्लेबाजी, दिल्ली ने मुंबई को दिया 172 रनों का लक्ष्य - क्रिकट्रैकर हिंदी

WPL 2024: बेंगलुरु में Alice-Jemimah की तूफानी बल्लेबाजी, दिल्ली ने मुंबई को दिया 172 रनों का लक्ष्य

Alice Capsey (Image Source: X/WPL)
Alice Capsey (Image Source: X/WPL)

WPL 2024 में आज पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। जहां एलिस कैप्सी (Alice Capsey) और जेमिमा रोड्रिग्स (Jemimah Rodrigues) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस के सामने 172 रनों का लक्ष्य रखा है। कैप्सी ने 75 रनों की बेहतरीन पारी खेली, वहीं रोड्रिग्स ने 42 रन बनाए।

इससे पहले मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शबनीम इस्माइल ने अपने कप्तान के इस फैसले को सही साबित किया और दिल्ली की ओपनर शेफाली वर्मा को सिर्फ एक रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। हालांकि, इसके बाद दिल्ली की कप्तान मैग लेनिंग और एलिस कैप्सी ने जिम्मेदारी संभाली और टीम को बखूबी संभाला।

दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़े। लेनिंग 25 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हो गई। लेकिन एलिस कैप्सी दूसरे छोर से डटी रहीं। उन्होंने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट का पहला अर्धशतक जड़ा। वह यहीं नहीं रुकी और जेमिमा रोड्रिग्स के साथ अर्धशतकीय साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया।

Alice Capsey की विस्फोटक बल्लेबाजी

पिछले सीजन में अपनी बल्लेबाजी से छाप छोड़ने वाली एलिस कैप्सी बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करती नजर आई और ऐसा लग रहा था कि टूर्नामेंट का पहला शतक बना लेंगी। लेकिन वह शतक से चूक गई और 53 गेंदों में 75 रन बनाकर आउट हो गईं। अपनी पारी में उन्होंने 9 चौके और तीन छक्के लगाए।

इसके अलावा जेमिमा रोड्रिग्स ने भी शानदार बल्लेबाजी की और आउट होने से पहले 24 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 42 रनों की अहम पारी खेली। आखिरी में मारिजन कप ने अपने हाथ खोले और कुछ बेहतरीन शॉट्स लगाए। उन्होंने 9 गेंदों में 3 चौके की मदद से 16 रन बनाए।

इस तरह दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 171 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। मुंबई की ओर से नैट सिवर-ब्रंट और अमेलिया कर ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। इसके अलावा शबनीम इस्माइल को एक विकेट मिला।

close whatsapp