श्रेयस अय्यर को मिला सुनील गावस्कर का साथ, भारतीय बल्लेबाज के केंद्रीय अनुबंध को लेकर दिया बड़ा बयान
सुनील गावस्कर के मुताबिक सभी खिलाड़ी इस दर्द से जूझते हैं और कोई भी ट्रेनर यह नहीं बता सकता है कि खिलाड़ी को कितनी परेशानी हो रही है।
अद्यतन - Mar 3, 2024 7:56 pm

पिछले कुछ समय से भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर काफी सुर्खियों में है। हाल ही में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भारतीय खिलाड़ियों के केंद्रीय अनुबंध को लेकर बड़ा खुलासा किया था जिसमें श्रेयस अय्यर और ईशान किशन को शामिल नहीं किया गया था।
बीसीसीआई का मानना था कि इन खिलाड़ियों को रणजी ट्रॉफी में खेलना बेहद जरूरी है। श्रेयस अय्यर को लेकर भारत के पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने अपना पक्ष रखा है। ऐसी रिपोर्ट भी सामने आई थी कि श्रेयस अय्यर ने टीम को इस बात की घोषणा पहले ही कर दी थी कि वो रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मैच में खेलने के लिए फिट नहीं है लेकिन इसके बावजूद राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के ट्रेनर ने इस बात की पुष्टि की थी कि वो पूरी तरह से फिट है।
इसी को लेकर सुनील गावस्कर ने अपना पक्ष रखा है। सुनील गावस्कर के मुताबिक सभी खिलाड़ी इस दर्द से जूझते हैं और कोई भी ट्रेनर यह नहीं बता सकता है कि खिलाड़ी को कितनी परेशानी हो रही है।
सुनील गावस्कर ने मिड डे के अपने कॉलम पर लिखा कि, ‘श्रेयस अय्यर ने क्वार्टर फाइनल को मिस किया था लेकिन उन्होंने टीम मैनेजमेंट को यह भी बता दिया था कि उनके पीठ में दर्द हो रहा है और अगर वो लंबे समय तक बल्लेबाजी करेंगे तो उन्हें और भी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।’
ट्रेनर खिलाड़ियों के दर्द को लेकर फैसला नहीं कर सकता है: सुनील गावस्कर
सुनील गावस्कर ने आगे कहा कि, ‘हालांकि राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के ट्रेनर ने कहा कि श्रेयस अय्यर पूरी तरह से फिट है और वो मैच में हिस्सा ले सकते हैं। यह चीज अय्यर के पक्ष में नहीं गई। खिलाड़ियों को काफी दर्द होता है और कोई भी ट्रेनर इस चीज को लेकर फैसला नहीं ले सकता है।’
ईशान किशन को लेकर सुनील गावस्कर ने लिखा कि, ‘किसी को यह बात नहीं पता है कि किशन आखिर क्यों रणजी ट्रॉफी में झारखंड की ओर से नहीं खेले। अय्यर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले रणजी ट्रॉफी में हिस्सा ले चुके थे लेकिन किशन के बारे में किसी को कुछ भी नहीं पता है।’