नया सीजन- डबल रोल!… IPL 2024 से पहले MS Dhoni का नया अवतार आया सामने
एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम के साथ जुड़ गए हैं
अद्यतन - मार्च 6, 2024 3:54 अपराह्न

हाल ही में महेंद्र सिंह धोनी ने अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल से एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने ‘नए रोल’ के बारे में जिक्र किया था। अब उस रहस्य से पर्दा उठ गया है। दरअसल, एमएस धोनी आईपीएल 2024 के आगामी संस्करण के लिए एक नए विज्ञापन में नजर आए हैं, जिसमें वह नई भूमिका में दिखे।
धोनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बहुत कम एक्टिव नजर आते हैं, लेकिन 4 मार्च को उन्होंने एक पोस्ट करते हुए नई बहस छेड़ दी। उन्होंने आगामी आईपीएल सीजन के लिए नए रोल की बात कही, जिसके बाद क्रिकेट जगत में चर्चा का बाजार गर्म हो गया। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा, “नए सीजन और नई ‘भूमिका’ के लिए इंतजार नहीं कर सकता। बने रहें!”
अब 6 मार्च को इस रहस्य पर से पर्दा उठ गया है। दरअसल जियो सिनेमा ने आगामी सीजन के लिए एक नया एड वीडियो शेयर किया है, जिसमें धोनी नजर आ रहे हैं। विज्ञापन में धोनी डबल रोल में नजर आए। इस नए विज्ञापन के जरिए वह फैन्स को उत्साहित कर रहे हैं।
एमएस धोनी ने वीडियो को शेयर कर जियो सिनेमा को टैग करते हुए लिखा, ”नया सीजन, डबल रोल! 22 मार्च से शुरू होने वाले #IPLonJioCinema के साथ सभी गतिविधियां आपके लिए बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध हैं। क्योंकि सब यहां, और कहां!”
यहां देखें वीडियो-
आपको बता दें कि एमएस धोनी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम के साथ जुड़ गए हैं। अपनी कप्तानी में उन्होंने पिछले सीजन में सीएसके को चैंपियन बनाया। इसके साथ ही चेन्नई ने रिकॉर्ड पांचवीं बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने के मुंबई इंडियंस के रिकॉर्ड की बराबरी की।
अब धोनी की टीम आगामी सीजन के पहले मैच में 22 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम से भिड़ेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि प्रोफेशनल क्रिकेट से यह एमएस धोनी का आखिरी सीजन हो सकता है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि इस दिग्गज खिलाड़ी को देखने के लिए भारी संख्या में दर्शक मैदान में पहुंचेंगे।