Virat Kohli

IPL 2024: विराट कोहली ने टी-20 क्रिकेट में पूरा किया एक और ‘शतक’, ऐसा करने वाले पहले भारतीय बने

पंजाब किंग्स के खिलाफ कोहली ने 77 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।

Virat Kohli (Photo Source: IPL/BCCI)
Virat Kohli (Photo Source: IPL/BCCI)

विराट कोहली ने एक बार फिर ये साबित कर दिया कि क्यों उन्हें किंग कोहली कहा जाता है। पंजाब किंग्स के खिलाफ कोहली ने मैच विनिंग पारी खेली और आरसीबी की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 49 गेंदों में 77 रनों की शानदार पारी खेली। इसके साथ ही कोहली ने टी-20 क्रिकेट में एक और मुकाम हासिल कर लिया।

टी-20 क्रिकेट में विराट कोहली 100 या उससे अधिक बार अर्धशतक बनाने वाले पहले भारतीय और कुल तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। कोहली ने अब तक टी-20 क्रिकेट में 378 मैचों में 41.26 की औसत से 12,092 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनके नाम 8 शतक है। वह टी-20 क्रिकेट में भारतीयों में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज और कुल छठे खिलाड़ी हैं।

टी-20 विश्व कप 2022 में अफगानिस्तान के खिलाफ विराट कोहली ने सिर्फ 61 गेंदों में नाबाद 122 रन बनाए थे, जो टी-20 क्रिकेट में उनका सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है।

कोहली के अलावा लिस्ट में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल हैं, जिन्होंने टी-20 क्रिकेट में 110 बार 50+ का स्कोर बनाया है। उन्होंने 22 शतक भी लगाया है। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर हैं, जिन्होंने 109 बार 50 या उससे अधिक का स्कोर बनाया है। उनके नाम 8 शतक है।

आरसीबी ने दर्ज की सीजन की पहली जीत

पंजाब बनाम बेंगलुरु मुकाबले की बात करें तो 177 रनों का पीछा करते हुए आरसीबी को शुरुआत में संघर्ष करना पड़ा। हालांकि, विराट कोहली ने मोर्चा संभाला और एक जोरदार पारी खेली। एक छोर से उनके साथी पवेलियन जाते रहे, लेकिन कोहली रन बनाते रहे।

16वें ओवर में हर्षल पटेल की गेंद का शिकार बनने से पहले उन्होंने 77 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उनके आउट होने के बाद आरसीबी की टीम लड़खड़ा गई। लेकिन अंत में दिनेश कार्तिक (28*) और महिपाल लोमरोर (17*) की विस्फोटक साझेदारी ने फाफ डु प्लेसिस की अगुवाई वाली फ्रेंचाइजी को सीजन की पहली जीत दिलाई।

 

close whatsapp