IPL 2024: तो ये है मयंक यादव की पेस गेंदबाजी के पीछे का राज, क्रिकेटर की मां ने किया बड़ा खुलासा - क्रिकट्रैकर हिंदी

IPL 2024: तो ये है मयंक यादव की पेस गेंदबाजी के पीछे का राज, क्रिकेटर की मां ने किया बड़ा खुलासा

21 साल के मयंक यादव ने मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ 156.7 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकी थी

Mayank Yadav (Photo Source: IPL Official Website)
Mayank Yadav (Photo Source: IPL Official Website)

आईपीएल के जारी 17वें सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए खेलने वाले, युवा भारतीय तेज गेंदबाज मयंक यादव (Mayank Yadav) अपनी तेज गेंदबाजी से सनसनी मचा रहे हैं। आईपीएल 2024 में मयंक ने आरसीबी के खिलाफ एक मुकाबले में 156.7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से एक गेंद फेंकी थी, जो जारी सीजन में अभी तक फेंकी गई सबसे तेज गेंद है।

इसके अलावा मयंक लगातार 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं, जो तेज गेंदबाजों में काफी कम देखने को मिलता है। दूसरी ओर, अब मयंक की इस तेज गेंदबाजी के पीछे रही बड़ी वजह से पर्दा उठ गया है। मयंक की मां ममता यादव ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा है कि वह हाल में ही शाकाहारी (वेज) हुए हैं।

तो ये है मंयक यादव की पेस का राज

बता दें कि मयंक यादव को लेकर बात करते हुए आज तक के साथ एक इंटरव्यू में क्रिकेटर की मां ने कहा,  मयंक अभी-अभी शाकाहारी हुआ है। पहले वह नॉनवेज खाना खाता था। वह पिछले 2 साल से शाकाहारी खाना खा रहा है। वह अपने डाइट चार्ट के आधार पर हमसे जो भी बनाने के लिए कहता है हम वो बना देते हैं। वह कुछ भी स्पेशल नहीं खाता है। उसकी डाइट में दाल, रोटी, चावल, दूध और सब्जी शामिल है।

मयंक की मां ने आगे कहा, उन्होंने (मयंक) हमें दो कारणों के बारे में बताया कि उनके शरीर को नाॅनवेज खाना शूट नहीं कर रहा है। दूसरा वह भगवान श्री कृष्ण में विश्वास करने लगा है, यह भी एक कारण हो सकता है। हमने उससे इस बात को लेकर दबाव नहीं डाला कि तुमने नाॅनवेज क्यों छोड़ा। उसने कहा कि वह जो भी कर रहा है वह उसके खेल और उसके शरीर के लिए लाभकारी है।

आईपीएल 2024 में मयंक यादव के प्रदर्शन की बात की जाए तो वह जारी सीजन में 6.83 की औसत से कुल 6 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। साथ ही उन्हें अपने पिछले दो मैचों में शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया है।

close whatsapp