“धोनी अपना सिर मुंडवा लेंगे…..” धोनी के हेयरस्टाइल पर मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट आलिम हकीम ने ऐसा क्यों कहा?
धोनी की स्टाइलिंग के बारे में बात करते हुए आलिम हकीम ने कहा कि वह उन्हें एक हॉलीवुड स्टार के जैसे लगते हैं।
अद्यतन - Apr 6, 2024 8:10 pm

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में होती है। धोनी ने अपनी कप्तानी में भारत को 3 आईसीसी ट्रॉफी और आईपीएल में CSK को 5 ट्रॉफी दिलाई है। हालांकि अपनी उपलब्धियों के साथ-साथ धोनी एक और चीज के लिए फेमस हैं। सभी जानते हैं कि, महेंद्र सिंह धोनी काफी स्टाइलिश क्रिकेटर हैं और उन्होंने अभी तक अपने बालों के साथ काफी एक्सपेरिमेंट भी किया है।
धोनी के लुक्स और हेयरस्टाइल कुछ घंटों में ही इंटरनेट पर वायरल हो जाते हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व कप्तान ने इंडियन प्रीमियर लीग 2024 से पहले अपने नए लंबे हेयरस्टाइल के साथ इंटरनेट पर तहलका मचा दिया था। फैंस ने उनके विंटेज लुक पर बहुत प्यार बरसाया है। आप सभी को बता दें कि, धोनी के वायरल लुक के पीछे मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट आलिम हकीम थे।
आलिम पिछले तीन दशकों से अधिक समय से हेयरस्टाइलिंग के कारोबार में हैं। वह लगभग 98 प्रतिशत फिल्मों में बॉलीवुड हस्तियों के हेयर स्टाइल करते हैं। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि एक हेयरस्टाइल के लिए उनकी फीस ही 1 लाख रुपये से शुरू होती।
धोनी के हेयरस्टाइल पर उन्होंने क्या कहा?
धोनी की स्टाइलिंग के बारे में बात करते हुए आलिम हकीम ने कहा कि वह उन्हें एक हॉलीवुड स्टार के जैसे लगते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि धोनी ने हमें हेयर स्टाइलिंग के बाद अपना कीमती समय भी दिया।
“जब हम धोनी के बारे में बात करते हैं, तो मैं माही को बहुत अलग तरीके से देखता हूं। मेरे लिए वह किसी हॉलीवुड एक्टर से कम नहीं हैं। मैं हमेशा उन्हें एक स्टार, एक अच्छे इंसान के रूप में देखता हूं। इसलिए, जब भी कोई एड फिल्म की शूटिंग होती है, मैं हमेशा उनसे कहता है हूं मैं आपकी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड करूंगा। और फिर बाद में जब भी मेरा मन करता है मैं उन तस्वीरों और वीडियो को पोस्ट कर देता हूं।”
“इस बार उन्होंने मुझे सिर्फ तस्वीरें खींचने के लिए एक घंटा, डेढ़ घंटे का समय दिया। और जब मैंने वो फोटो पोस्ट किया तो वह इंटरनेट पर काफी वायरल हुआ। मैंने कभी लोगों को माही की कोई बात नापसंद करते नहीं देखा। लोग बस धोनी से प्यार करते हैं। अगर धोनी अपना सिर भी मुंडवा लेंगे तो वह एक फैशन बन जाएगा।”